Home > Archived > स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम झांसी अव्वल

स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम झांसी अव्वल

महापौर किरन वर्मा व झांसी नगर आयुक्त अरुण प्रकाश किये गये सम्मानित

झांसी। स्वच्छता को लेकर केन्द्र सरकार द्वारा चलाए गए विशेष अभियान स्वच्छ भारत मिशन में यूपी के दो नगरों को वरीयता मिली है। वीरांगना लक्ष्मीबाई की नगरी ने शामिल होकर बुन्देलखण्ड का गौरव बढ़ाया है। इसके साथ ही यूपी के दूसरे नगर के रुप में पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र बनारस चुना गया है। इसमें नगर के जिम्मेदार नागरिकों, बस्ती विकास समिति के लोगों और निगम के अधिकारी,कर्मचारी का विशेष योगदान माना जा रहा है।

स्वच्छ भारत मिशन को लेकर केन्द्र सरकार ने अपने स्तर पर एक सर्वेक्षण कराया था। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए केन्द्र से आई टीम ने अपने स्तर पर स्वच्छता को मापने का पैमाना तैयार किया। इसमें जीपीएस के द्वारा चुने गए क्षेत्र के नागरिकों से स्वच्छता के बारे में फीडबैक लिया गया। साथ ही केन्द्र की टीम द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से भी स्वच्छता के प्रति राय मांगी गई थी। देश के कुल 434 नगर इस सर्वेक्षण में शामिल किए गए थे। सर्वेक्षण के आधार पर देश के कुल 434 नगरों में से 38 नगरों को चुना गया। जो सर्वेक्षण में अपेक्षाकृत अन्य नगरों से स्वच्छ पाए गए। दिल्ली के एक होटल में इन 38 नगरों को केन्द्रीय नगर विकास मंत्री वेंकैया नायडू द्वारा पुरस्कृत किया गया।

इसमें यूपी के दो नगरों के नाम शामिल हैं। 38 नगरों की सूची में 12 वें नम्बर पर पीएम नरेन्द्र मोदी का संसदीय क्षेत्र बनारस शामिल है। तो वहीं बुन्देलखण्ड की हृदय स्थली कही जाने वाली वीरांगना लक्ष्मीबाई की नगरी झांसी 14 वें नम्बर पर रखी गई है। इसके लिए आज गुरुवार को नगर की प्रथम महिला महापौर श्रीमति किरन राजू बुकसेलर और नगर आयुक्त अरुण प्रकाश को शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस संबंध में मेयर किरन राजू बुक सेलर ने इसका श्रेय नगर के सम्मानित और जागरूक नागरिकों को दिया।


प्रिया की भी रही पहल
स्वच्छता और महिला सशक्तिकरण पर कार्य कर रही एक सामाजिक संस्था को भी इसके लिए लोगों में जागरुकता लाने की पहल का श्रेय जाता है। इस संबंध में पार्टिसिपेटरी रिसर्च इन एशिया (प्रिया) के कार्यक्रम अधिकारी सुधीर सिंह ने बताया कि बस्ती विकास समिति के लोगों ने स्वच्छता के प्रति जागरुक होकर काम किया। इस सम्मान के लिए सभी नागरिकों की जागरुकता यह रंग लाई है। जो बड़े ही खुशी का विषय है।

Updated : 5 May 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top