Home > Archived > गुरु पूर्णिमा पर्व: कहीं पूजे गुरु तो कहीं पूजीं पादुकाएं

गुरु पूर्णिमा पर्व: कहीं पूजे गुरु तो कहीं पूजीं पादुकाएं

गुरु पूर्णिमा पर्व: कहीं पूजे गुरु तो कहीं पूजीं पादुकाएं
X

गुरु पूर्णिमा पर्व: कहीं पूजे गुरु तो कहीं पूजीं पादुकाएं

गुरु की महिमा सबसे न्यारी

कई स्थानों व आश्रमों में हुए भण्डारे

ग्वालियर। शहर में गुरू पूर्णिमा का पावन पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। गुरू पूर्णिमा के पावन पर्व पर कहीं गुरू पूजे गए तो कहीं उनकी पादुकाओं का पूजन किया गया। इस पावन पर्व पर भण्डारे, सत्संग, रैली और भजनों का आयोजन भी हुआ। गुरू पूर्णिमा का यह पर्व सुबह से लेकर शाम तक मनाया गया। इस दौरान लोग अपने-अपने गुरूओं के घर भी पूजन करने के लिए गए। वहीं शहर में मुरार एवं पुराने हाईकोर्ट स्थित गिर्राज मंदिर पर श्रद्धालुओं ने परिक्रमा लगाकर भगवान से आशीर्वाद लिया। उधर अचलेश्वर मंदिर, सनातन धर्म मंदिर, कोटेश्वर मंदिर, भूतेश्वर मंदिर, आदि में भी श्रद्धालुओं ने गुरुपूर्णिमा पर पूजा-अर्चना कर अपने इष्टदेव से आशीर्वाद लिया।
अध्यात्म निकेतन आश्रम में बड़े ही हर्षाेल्लास के साथ गुरु पूर्णिमा मनाई :- जहां परमपूज्य संत कृपाल सिंह महाराज का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा वहीं इस पावन अवसर पर संत श्री ने भी अपने गुरु हुजुर मालिक साहब संत श्री योगी मान सिंह जी महाराज के सामने चादर चढ़ाकर मत्था टेका। आश्रम में सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रविवार को अध्यात्म निकेतन आश्रम में भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। जहां हजारों भक्तों की तादाद में आश्रम में भक्तों की भीड़ उमड़ी और अपने गुरु संत कृपाल सिंह महाराज के चरण छूकर अपने जीवन को धन्य किया। इस अवसर पर दिनभर अध्यात्म निकेतन में प्रसादी वितरण का कार्यक्रम होता रहा।

डेढ़ हजार आदिवासियों को छाता वितरण:- केदारपुर कोठी शिवपुरी लिंक रोड स्थित आशाराम बापू आश्रम में गुरूपूर्णिमा महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। आश्रम में दोपहर एक बजे से आदिवासी महिला और पुरूषों को छाता वितरण किया गया। इस अवसर पर श्रीयोगवेदान्त सेवा समिति के पदाधिकारियों के अलावा हरी सिंह तोमर जिला मंत्री भाजपा उपस्थित रहे।

वीर सावरकर प्रतिमा पर माल्यार्पण

गुरू पूर्णिमा के अवसर पर अखिल भारत हिन्दू महासभा द्वारा विश्व गुरू वीर सावरकर के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उनकी नीतियों का अनुसरण करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर प्रांतीय संयोजक मोहन लाल वर्मा, कल्लू दुबे, राकेश शर्मा, दुर्ग सिंह एवं नत्थी लाल आदि उपस्थित थे।

गायत्री परिवार द्वारा वरिष्ठ जनों का सम्मान

अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा गुरू पूर्णिमा के पर्व पर गायत्री परिवार के 12 वरिष्ठ परिजनों का सम्मान किया गया। इन परिजनों को सम्मान स्वरूप गायत्री मंत्र का दुपट्टा, युग ऋषि श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सत साहित्य, स्मृति चिन्ह एवं श्रीफल भेंट किया गया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के एस.पी. गुप्ता, ओ.पी. गुप्ता, गोविन्द बिहारी गुप्ता एवं देवेन्द्र सेंगर आदि उपस्थित थे।

यहां भी हुए आयोजन

* गुरू आश्रमों पर जगह-जगह हुए भण्डारों के आयोजन।
* श्रद्धा सबूरी सेवा दल समिति द्वारा सांई बाबा पालकी चल समारोह निकाला गया। यहां कांकड़ आरती और प्रसाद आदि का वितरण भी हुआ। इसी के साथ मंदिर में छप्पन भोग भी लगाया गया।
* जनकगंज स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में साज-सज्जा के साथ भगवान का श्रृंगार किया गया।

Updated : 10 July 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top