Home > Archived > संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक राजाराम मोघे का निधन

संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक राजाराम मोघे का निधन

संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक राजाराम मोघे का निधन
X


ग्वालियर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक, समाज सेवी, शिक्षाविद् और मध्य भारतीय हिन्दी साहित्य सभा ग्वालियर के वरिष्ठ सभासद राजाराम जी मोघे का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने शाम करीब 5.15 बजे अंतिम सांस ली और चिर निद्रा में लीन हो गए। वे 92 वर्ष के थे। उन्होंने चिकित्सा कार्य के लिए अपनी देह का समर्पण करने का निर्णय लिया था। उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार 24 जुलाई सोमवार को उनकी पार्थिव देह को उनके निज निवास खासगी बाजार, माली वाली गली, गणेश मंदिर के पास से देह समर्पण (देह दान) हेतु गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय ले जाया गया। 13 मार्च 1925 को जन्मे स्व. मोघे जी बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और आजीवन संघ की सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे।

वह संघ के नगर संघचालक, राष्ट्रोत्थान न्यास के आजीवन सदस्य, राष्ट्रीय साहित्य भण्डार के संरक्षक और स्वदेश के संचालक भी रहे। उन्होंने लम्बे समय तक एक कुशल शिक्षक के रूप में पार्वती बाई गोखले उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्यापन कार्य भी किया। स्व. मोघे जी अपने पीछे अपनी पुत्र वधु श्रीमती प्रियंवदा मोघे, पौत्र हिमांशु और पौत्री पल्लवी को छोड़ गए हैं। उनके निधन पर संघ परिवार सहित विभिन्न राजनैतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। वहीं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग संघचालक त्र्यंबक केलकर जी ने भी उनके निधन पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे आदर्श स्वयं सेवक, कर्मठ कार्यकर्ता थे। उन्होंने संघ द्वारा की गई विभिन्न जिम्मेदारियों का वहन किया, उनके जाने से एक मार्गदर्शक की कमी सदैव महसूस होगी।

Updated : 24 July 2017 12:00 AM GMT
Next Story
Top