Home > Archived > दुबई पुलिस ने श्रीदेवी केस दुबई अभियोजन को सौंपा

दुबई पुलिस ने श्रीदेवी केस दुबई अभियोजन को सौंपा

दुबई पुलिस ने श्रीदेवी केस दुबई अभियोजन को सौंपा
X

नई दिल्ली/दुबई। दुबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत का केस दुबई अभियोजन विभाग को सौंप दिया है। अब दुबई अभियोजन विभाग इस पूरे मामले की जांच करेगा। दुबई पुलिस ने श्रीदेवी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य सभी जांच कागजात अभियोजन विभाग को सौंपे। अब दुबई अभियोजन विभाग अपनी कानूनी जांच करेगा। दुबई पुलिस मुख्यालय ने इसकी पुष्टि की है। दुबई अभियोजन विभाग की जांच पूरी होने के बाद श्रीदेवी मामले में एनओसी मिलने पर ही श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाया जा सकेगा। अब संभावना जताई जा रही है कि श्रीदेवी का सोमवार को अंतिम संस्कार का कार्यक्रम टल जाएगा।

दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया कि भारतीय अभिनेत्री की पोस्टमार्टम रिपोर्ट दुबई पुलिस से मिली है। इसमें श्रीदेवी की मौत दुर्घटनावश डूबने से बताई गई। श्रीदेवी को उनके पति ने दुबई के होटल के बॉथरूम में टब में डूबा पाया। श्रीदेवी के खून में कुछ मात्रा में अल्कोहल भी मिली। बताया जा रहा है कि डूबने के बाद आए कॉर्डिक अरेस्ट के चलते श्रीदेवी की मौत हुई।

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी का शनिवार रात दुबई में निधन हो गया था। 54 वर्षीय श्रीदेवी एक विवाह समारोह में हिस्सा लेने अपने पति बोनी कपूर और अपनी छोटी बेटी खुशी के साथ दुबई गई हुई थीं। सदमा, हिम्मतवाला, चालबाज, मिस्टर इंडिया, चांदनी, जुदाई, लाडला सहित कई बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी श्रीदेवी 90 के दशक में अपने शीर्ष पर थीं और उन्हें सुपरस्टार का दर्जा प्राप्त था। श्रीदेवी को 2013 में भारत सरकार के चौथे सबसे बड़े सिविलयन अवार्ड पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। श्रीदेवी की बड़ी बेटी जाह्नवी की पहली फिल्म 'धड़क' जल्दी ही रिलीज होने वाली है, जिसे करण जौहर की फिल्म निर्माण कंपनी धर्मा प्रोडक्शन बना रही है।

Updated : 26 Feb 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top