Home > Archived > ननि ने मराठा बोर्डिंग में जड़ा ताला, बाद में खोला

ननि ने मराठा बोर्डिंग में जड़ा ताला, बाद में खोला

ननि ने मराठा बोर्डिंग में जड़ा ताला, बाद में खोला
X


ग्वालियर, न.सं.। संपत्तिकर वसूली के लिए नगर निगम नियमों को ताक पर रखकर जहां शैक्षणिक संस्थाओं में ताला जड़ रही है वहीं शहर में कई ऐसी संस्थाएं हैं, जो संपत्तिकर दिए बिना नगर निगम अधिकारियों को चुनौती दे रही हैं। मंगलवार को अपर आयुक्त रिंकेश वैश्य मराठा बोर्डिंग पहुंचे और 1 करोड़ 10 लाख 5 हजार 31 रुपए का टैक्स देने की बात कही, लेकिन कुछ ही देर बाद नगर निगम अधिकारियों ने मराठा बोर्डिंग में ताला जड़ दिया। मराठा बोर्डिंग के सदस्यों का कहना था कि यह संस्था 1905 से स्थापित है और आज तक नियम अनुसार संस्था किसी भी प्रकार के टैक्स से मुक्त थी। नगर निगम का सेक्शन 135 शैक्षणिक संस्थाओं को टैक्स से मुक्ति प्रदान करता है। एजुकेशनल ट्रस्ट के नियम अनुसार भी किसी भी प्रकार का टैक्स रोपित करना गलत है।

इसके बाद पहले तो कुछ सदस्यों ने निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मराठा बोर्डिंग के विवेक फाल्के, बालराजे शिंदे, गजेन्द्र इंगले, रंजीत सुर्वे सहित अन्य सदस्य निगमायुक्त के पास पहुंचे, जहां पर पहले तो निगमायुक्त विनोद शर्मा ने कहा कि मैं इस मामले में कुछ नहीं कर सकता। आप लोक न्यायालय में जाओ। इस पर सदस्यों ने कहा कि पहले आप हमारी बात तो सुन लें। सदस्यों ने निगमायुक्त को बताया कि निगम का सेक्शन 135 शैक्षणिक संस्थाओं को टैक्स से मुक्ति प्रदान करता है, साथ ही उन्होंने कुछ दस्तावेज भी निगमायुक्त को दिखाए। इसके बाद निगमायुक्त ने तुरंत अपर आयुक्त रिंकेश वैश्य को बुलाकर मामले की जानकारी ली। इस पर उन्होंने बताया कि मराठा बोर्डिंग का कॉमर्शिल इस्तेमाल हो रहा है। वहां पर बैंक के लिए भवन किराए पर दे रखा है। इस पर सदस्यों ने सहमति देते हुए कहा कि केवल संस्था का वह भाग, जिसको बैंक को किराए पर दिया गया है, उसी पर टैक्स लिया जाए। इस पर निगमायुक्त विनोद शर्मा ने सहमति दी और तुरंत ताला खोले जाने के आदेश भी दिए। इस अवसर पर बालराजे शिंदे, धर्मेन्द्र गायकवाड़, पवन पवार, दिले जगताप, विवेक फाल्के, अमर कुटे, गगन जाधव, राहुल तांबे आदि उपस्थित थे।
24 घंटे का दिया समय

मंगलवार को संपत्तिकर अभियान के चलते शंकर सेल पर 6.85 लाख टैक्स वसूली में तलघर का व्यवसायिक इस्तेमाल होते मिला। जिसके चलते मदाखलत की टीम ने मौके से दो दर्जन फ्रीज अन्य सामान जप्त किया। साथ ही निर्देश दिए कि 24 घंटे के अंदर तलघर को खाली किया जाए। इसी क्रम में संपत्तिकर अमले ने मंत्री सिटी से 4.5 लाख, मराठा बोर्डिंग से 1.11 करोड़, गिर्राज जी मंदिर के पास एक अन्य संपत्ति पर लगभग 1.68 करोड़ की राशि वसूली की कार्रवाई की गई।

Updated : 7 March 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top