Home > Archived > विश्व में सबसे ऊंची होगी शिवाजी महाराज की प्रतिमा

विश्व में सबसे ऊंची होगी शिवाजी महाराज की प्रतिमा

विश्व में सबसे ऊंची होगी शिवाजी महाराज की प्रतिमा
X

मुंबई। शिवाजी की प्रतिमा की ऊंचाई कम करने का मुद्दा बुधवार को विधान परिषद में भी उठा। हालांकि सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि स्मारक की ऊंचाई में कोई फेरबदल नहीं होगा। अरब सागर में शिवाजी महाराज का विश्व का सबसे ऊंचा स्मारक बनाया जाएगा।

सांस्कृतिक मंत्री विनोद तावड़े ने स्पष्ट किया कि शिवाजी की प्रतिमा की ऊंचाई कम करने की खबर में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा की ऊंचाई निर्धारित 210 मीटर होगी और इसे 36 महीने के निर्धारित समय के अन्दर पूरा कर लिया जाएगा। राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने भी सदन को बताया कि शिवाजी की प्रतिमा की ऊंचाई 210 मीटर ही रहेगी। शिवाजी महाराज की प्रतिमा अरब सागर में 16 हेक्टेयर क्षेत्र की एक चट्टान पर बनाई जानी है। इसके निर्माण कार्य का ठेका एल एण्ड टी कंपनी को 2,500 करोड़ रुपये में दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। अभी चीन के स्प्रिंग टेंपल में 208 मीटर की भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा दुनिया में सबसे ऊंची है।

इससे पहले एनसीपी के सुनील तटकरे ने कहा कि सरकार ने अरब सागर में बनने वाली छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा की ऊंचाई 112 फुट कम कर दी है। शिव स्मारक की योजना में अंतर्राष्ट्रीय शब्द को निकाल कर 'अश्वारूढ पुतला ' को जोड़ दिया गया है। शिवाजी महाराज की प्रतिमा का मुद्दा राज्य की अस्मिता से जुड़ा हुआ है। इसकी ऊंचाई किसी भी कीमत पर कम नहीं होनी चाहिए। तटकरे ने कहा कि शिवाजी की प्रतिमा पहले से तय ऊंचाई की होनी चाहिए और इसका निर्माण निर्धारित समय के अन्दर होना चाहिए। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष धनंजय मुंडे, अमरसिंह पंडित सहित अन्य सदस्यों ने भी नाराजगी जताई। मुंडे ने कहा कि शिवाजी की प्रतिमा की ऊंचाई कम करने से उनका गौरव कम नहीं होने वाला है, लेकिन सियासत नहीं होनी चाहिए।

Updated : 7 March 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top