Home > Archived > बिप्लव कुमार देव ने संभाली त्रिपुरा की कमान

बिप्लव कुमार देव ने संभाली त्रिपुरा की कमान

बिप्लव कुमार देव ने संभाली त्रिपुरा की कमान
X

जिष्णु देवबर्मन बने उप मुख्यमंत्री, सात मंत्रियों ने भी ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

त्रिपुरा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बिप्लव कुमार देव ने शुक्रवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल तथागत रॉय ने अगरतला के असम रायफल के मैदान में भारी संख्या में उपस्थित राज्यवासियों व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के कई राज्यों के मुख्यमंत्री व वरिष्ठ दिग्गज नेताओं की उपस्थिति में शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री के साथ ही उपमुख्यमंत्री जिष्णु देवबर्मन समेत 8 मंत्रियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में सत्ताधारी भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन को 43 विधायकों का समर्थन हासिल है। 25 वर्षों तक राज्य की सत्ता पर काबिज रही सीपीआई (एम) मोर्चा के खाते में महज 16 सीटें आई हैं।
मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देव व उप मुख्यमंत्री जिष्णु देवबर्मन के अलावा जिन मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, उनमें नरेंद्र चंद्र देवबर्मन, रतनलाल नाथ, सुदीप राय बर्मन, प्राणजीत कुमार राय, मनोज कांती देव, मेम्बर कुमार जमातिया, सांतना चकमा शामिल हैं। बिप्लव के मंत्रिमंडल में सांतना चकमा एकमात्र महिला मंत्री हैं। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री ने जहां बांग्ला भाषा में शपथ पाठ किया वहीं उप मुख्यमंत्री जिष्णु देव बर्मन ने अंग्रेजी में, सुदीप राय बर्मन ने अंग्रेजी, मेम्बर कुमार जमातिया ने अंग्रेजी, नरेंद्र चंद्र देवबर्मन (आईपीएफटी) के अध्यक्ष ने त्रिपुरा की स्थानीय भाषा 'काक बरक' में शपथ ग्रहण किया। शेष मंत्रियों लोगों ने बांग्ला भाषा में शपथ पाठ किया।

शुक्रवार को शपथ ग्रहण समारोह अगरतला राजभवन में न होकर असम रायफल के खुले मैदान में एक बड़े मंच पर आयोजित किया गया। शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन के लिए पूरे मैदान को दुल्हन की तरह सजाया गया था। इस दौरान पूरे त्रिपुरा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी, ताकि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके।

शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, केंद्रीय विदेश मंत्री सुष्मा स्वराज, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के साथ ही अन्य कई केंद्रीय मंत्रियों ने हिस्सा लिया। भाजपा शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया जिसमें मुख्य रूप से मध्य प्रदेश से शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ से डॉ. रमन सिंह, झारखंड से रघुबर दास, राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया, गुजरात से विजय रूपाणी, असम से सर्वानंद सोनोवाल, मणिपुर से एन बीरेन सिंह, नगालैंड के नेफ्यू रियो, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजीजू, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव, असम के वित्त आदि मामलों के मंत्री व नेडा के संयोजक डॉ. हिमंत विश्वशर्मा के साथ ही अन्य कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि त्रिपुरा में एक बार फिर से दिवाली आ गई है|

Updated : 9 March 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top