Home > Archived > किसानों की मेहनत से कृषि क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना मध्यप्रदेश : पवैया

किसानों की मेहनत से कृषि क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना मध्यप्रदेश : पवैया

किसानों की मेहनत से कृषि क्षेत्र में अग्रणी राज्य बना मध्यप्रदेश : पवैया
X

जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में हुआ मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ
ग्वालियर|
किसानों को उनकी मेहनत और पसीने की पूरी कीमत मिले, इसके लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता के साथ किसानों के साथ है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित में अनेक कल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए हैं। सरकार का साथ और किसानों की मेहनत का ही परिणाम है कि मध्यप्रदेश को पांच बार लगातार कृषि कर्मण अवार्ड मिला है।

यह बात प्रदेश के उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने सोमवार को ग्वालियर व्यापार मेले के फैसिलिटेशन सेंटर में आयोजित मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के शुभारंभ एवं जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि किसानों की दिशा और दशा बदलने में मध्यप्रदेश सरकार ने अनुकरणीय काम किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 से पहले खेती किसानी के लिए हरियाणा और पंजाब का नाम लिया जाता था। प्रदेश के किसानों की मेहनत और प्रदेश सरकार की किसान हितकारी योजनाओं के कारण ही अब मध्यप्रदेश खेती किसानी में देश की अगुवाई कर रहा है। श्री तोमर ने कहा कि खेती किसानी को लाभ का धंधा बनाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अनेक योजनाओं का सफलता से क्रियान्वयन कर रहे हैं। प्रदेश के किसानों ने भी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर रिकॉर्ड उत्पादन किया है। इसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश सरकार को पिछले पांच सालों से लगातार कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम की विशेष अतिथि श्रीमती माया सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेती किसानी को लाभ का धंधा बनाने और किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रदेश सरकार ने अनेक कल्याणकारी कार्यक्रम चलाए हैं। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष बालेन्दु शुक्ला, जीडीए अध्यक्ष अभय चौधरी, साडा अध्यक्ष राकेश जादौन, विधायक भारत सिंह कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शांतिशरण गौतम, जिलाधीश राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में जिलेभर के किसान उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शभारंभ किया।

मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ सीधा प्रसारण
प्रदेश का मुख्य समारोह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में शाजापुर जिले में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण विभिन्न क्षेत्रीय चैनलों द्वारा किया गया। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर आयोजित हुए कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के जरिए कृषकगणों ने मुख्यमंत्री के उदबोधन को सुना।

इन्हें मिली प्रोत्साहन राशि
राजताभ को एक लाख 68 हजार 100 रुपए, कैलाश कुशवाह को एक लाख 70 हजार रुपए, भीकम सिंह राजपूत को एक लाख 61 हजार 100, कुलवीर सिंह को एक लाख 38 हजार 800 रुपए, कल्याण पाठक को एक लाख 41 हजार 800 रुपए, राजेश मुदगल एक लाख 45 हजार 400 रुपए का चैक प्रदान किया गया। इसके अलावा रामसिंह पुत्र रतीराम और सतेन्द्र सिंह पुत्र अमर सिंह को सॉइल हैल्थ कार्ड प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ऋण समाधान योजना के तहत 6 हितग्राहियों को केसीसी की स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। जिसमें तलवीर सिंह, नरेन्द्र शर्मा, रामवीर शर्मा, धीरज सिंह, दीवान सिंह, निरंजन सिंह शामिल हैं।

Updated : 17 April 2018 12:00 AM GMT
Next Story
Top