Home > राज्य > मध्यप्रदेश > ग्वालियर > प्रधानमंत्री की सभा से कार्यकर्ता उत्साह में, कल से बड़े नेताओं का आगमन शुरू

प्रधानमंत्री की सभा से कार्यकर्ता उत्साह में, कल से बड़े नेताओं का आगमन शुरू

प्रधानमंत्री की सभा से कार्यकर्ता उत्साह में, कल से बड़े नेताओं का आगमन शुरू
X

ग्वालियर। मोदी मैजिक के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुरैना की सभा के बाद कार्यकर्ता उत्साह से लवरेज है। अब बड़े नेताओं के आने का सिलसिला रविवार से शुरू हो जाएगा।जिससे चुनावी रोमांच बढऩे वाला है। उल्लेखनीय है कि भाजपा केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। इसी के चलते मोदी मैजिक के लिए 25 अप्रैल को मुरैना में विजय संकल्प रैली का आयोजन किया गया।इस सभा से ग्वालियर चंबल अंचल की चारों लोकसभा सीटों पर प्रभाव देखा गया। इसी के साथ राजनीति के चाणक्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी शुक्रवार को अशोक नगर एवं राजगढ़ में हुंकार भरी। भाजपा के इन दोनों शीर्ष नेताओं के मोर्चा संभालने से कार्यकर्ता ऊर्जा से भर गए हैं।

कम कार्यकर्ताओं का पहुंचना चिंतनीय

इस बीच ग्वालियर से जितने कार्यकर्ताओं के मुरैना पहुंचने की अपेक्षा की गई थी उतने नहीं पहुंचना चिंतनीय है। प्रदेश संगठन महामंत्री द्वारा बैठक लेकर मंडल अध्यक्ष और पार्षदों से चार पहिया वाहनों में मुरैना पहुंचने के लिए कहा गया था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। संगठन इसके लिए संबंधित नेताओं से जानकारी ले रहा है कि कहां दिक्कत आई क्योंकि पार्टी ने वाहनों में डीजल की व्यवस्था कराई थी फिर सभी वाहन मुरैना क्यों नहीं पहुंचे।

शिवराज सिंह का रोड शो और सभा कल

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी लोकसभा चुनाव में जमकर पसीना बहा रहे हैं। 28 अप्रैल को उनकी पारसेन, भितरघात एवं पोहरी में सभाएं होंगी। इसी दिन शाम 5 बजे से उनका रोड शो ग्वालियर विधानसभा के हजीरा से उरवाई गेट तक निकलेगा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी 28 अप्रैल को करैरा एवं पोहरी में सभा लेने आएंगे। अगले दिन 29 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल भी डबरा और पिछोर में सभाएं लेंगे। इसी के साथ पार्टी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो कराने के प्रयास में है।

कांग्रेस गांधी परिवार के सहारे

कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता के कार्यक्रम दिखाई नहीं दे रहे हैं। इससे लगता है कि कांग्रेस सिर्फ गांधी परिवार के भरोसे है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 2 मई को मुरैना आने वाली हैं। जबकि ग्वालियर में अभी किसी बड़े नेता के आगमन की खबर नहीं है।


Updated : 27 April 2024 12:16 AM GMT
Tags:    
author-thhumb

स्वदेश डेस्क

वेब डेस्क


Next Story
Top