पूर्वी चीन सागर और पीले सागर के बीच में चीनी विमानों ने अमेरिकी विमान काे रोका
वशिंगटन। पूर्वी चीन सागर में विवाद के बीच रविवार को दो चीनी जे-10 लड़ाकू विमानों ने ‘‘असुरक्षित’’ तरीके से अमेरिकी नौसेना के एक निगरानी विमान को बाधित कर दिया। यह जानकारी मंगलवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली।
पेंटागन के प्रवक्ता कैप्टन जेफ डेविस ने कहा, ‘‘ पूर्वी चीन सागर के ऊपर अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में उड़ान भर रहे (अमेरिका के नौसैन्य विमान) ईपी 3 के मार्ग को दो चीनी जे 10 विमानों ने बाधित किया।
उन्होंने कहा कि इनमें से एक तेजी से इसके नीचे आया और इसके बाद उसने गति धीमी कर दी। विमान को टक्कर से बचाने के लिए अमेरिकी विमान चालक को वहां से जाना पड़ा।
कैप्टन डेविस ने कहा, ‘‘हमने इसे बहुत निकटता से देखा।’’ एक अन्य पेंटागन अधिकारी ने चीन के इस कदम को ‘‘असुरक्षित’’ बताया। साथ ही डेविस ने कहा कि यह घटना पूर्वी चीन सागर और पीले सागर के बीच के क्षेत्र में रविवार को हुई। चीनी लड़ाकू विमान कुछ देर वहां एक साथ उड़ान भरते रहे। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा, ‘‘विमान को सुरक्षित तरीके से बाधित किया जाना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार जिस तरीके से विमान का मार्ग बाधित किया गया वह सुरक्षित नहीं था।’’
विदित हो कि गत मार्च महीने में जापान और अमेरिका की नौसैना ने पूर्वी चीन सागर में संयुक्त सैन्य अभ्यास किया था। यह सैन्य अभ्यास उत्तर कोरिया को फिर से चेताने के लिए किया गया है। हाल ही में उत्तर कोरिया ने अमेरिका और जापान समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चेतावनी को दरकिनार कर मिसाइल प्रक्षेपण किए, जिसके बाद से क्षेत्र में तनाव गहरा गया है।
***
और पढ़े...