Aatishi Resigned: आतिशी ने दिल्ली CM पद से दिया इस्तीफ़ा, LG सक्सेना ने विधानसभा भंग करने का जारी किया नोटिफिकेशन
Aatishi Resigned from Post of Delhi CM : दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने रविवार सुबह 11 बजे एलजी सचिवालय पहुंचकर अपना इस्तीफ़ा एलजी विनय कुमार सक्सेना को सौंप दिया है। इसी के बाद दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना ने 8 फरवरी 2025 से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सातवीं विधानसभा को भंग कर दिया है। इसके सम्बन्ध में नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है। बता दें कि 8 फरवरी को दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आ गए हैं और 27 साल बाद बीजेपी की दिल्ली की सत्ता में वापसी हुई है।
आतिशी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कालकाजी सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी को 3,521 वोटों से हराया था। हालांकि, इस चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 48 सीटें जीतीं, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) केवल 22 सीटों पर सिमट कर रह गई। इस हार के बावजूद आतिशी ने अपनी जीत का जश्न मनाया, जो दिल्ली की राजनीति में एक नई हलचल का कारण बना।
AAP को करारी हार
दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को भारी हार का सामना करना पड़ा। पार्टी के कई बड़े नेता, जिनमें मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, और खुद अरविंद केजरीवाल भी शामिल थे, अपनी-अपनी सीटों पर हार गए। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने 48 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल किया। इस चुनाव में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया।
आतिशी का राजनीतिक सफर
आतिशी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2015 में की थी, जब उन्हें दिल्ली सरकार के तत्कालीन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया का सलाहकार नियुक्त किया गया था। वह शिक्षा प्रणाली में सुधार और बुनियादी ढांचे की चुनौतियों से निपटने के लिए पार्टी के साथ काम कर रही थीं। बाद में वह AAP की प्रवक्ता बनीं और पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की सदस्य भी रहीं।
साल 2019 में, आतिशी ने पूर्वी दिल्ली सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में उन्होंने कालकाजी सीट पर जीत दर्ज की। उन्होंने मंत्री के रूप में कई विभागों का कार्यभार संभाला।
सीएम के रूप में आतिशी का कार्यकाल
सितंबर 2024 में, अरविंद केजरीवाल के शराब घोटाले मामले में जेल जाने के बाद, उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद, 21 सितंबर 2024 को आतिशी को दिल्ली की मुख्यमंत्री की कमान सौंप दी गई। 43 वर्षीय आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं, और उन्होंने कई विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
AAP के तीन मंत्री जीतने में सफल
आम आदमी पार्टी के तीन मंत्री गोपाल राय, मुकेश अहलावत और इमरान हुसैन ने भी अपने-अपने क्षेत्र में शानदार जीत दर्ज की। गोपाल राय ने बाबरपुर से 18,994 वोटों से, मुकेश अहलावत ने सुल्तानपुर माजरा से 17,126 वोटों से, और इमरान हुसैन ने बल्लीमारान से 29,823 वोटों से जीत हासिल की।