दीवारों पर पार्टी के प्रतीक बनाता था तो दूसरी पार्टी वाले मजाक उड़ाते थे: पीएम मोदी ने सदस्यता अभियान में सुनाया किस्सा, सुनते रह गए लोग

Update: 2024-09-02 13:54 GMT

BJP Sadasyata 2024 : पीएम मोदी को याद आए संघर्ष के दिन

BJP Sadasyata 2024 : मैं जब राजनीति में नहीं था, तो जनसंघ के जमाने में बढ़े उत्साह के साथ कार्यकर्ता दीवारों पर दीपक पेंट करते थे तो कई राजनीतिक दल के नेता अपने भाषणों में मजाक उड़ाते थे कि दीवारों पर दीपक पेंट करने से सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंचा जा सकता है। हम वो लोग हैं, जिन्होंने श्रद्धा से दीवारों पर कमल पेंट किया, क्योंकि विश्वास था कि दीवारों पर पेंट किया कमल कभी न कभी तो दिलों पर भी पेंट हो जाएगा। ये बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सदस्यता अभियान का शुभारंभ के बाद अपने भाषण में कही है।

सदस्यता अभियान तोड़ेगा सारे रिकॉर्ड

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के गरीब का सबसे अधिक विश्वास हमारी नीतियों, निर्णयों और हमारे अपनाए हुए रास्तों के परिणामों में है, इसलिए हमें उस सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ना है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये सदस्यता अभियान पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ेगा। हम सिर्फ चुनावी मशीन नहीं हैं। हम वो खाद-पानी हैं जो देशवासियों के सपनों को सींचा करते हैं। 

युवा 2047 सपने की सबसे बड़ी शक्ति

पीएम मोदी ने आगे कहा कि हम वो खाद-पानी हैं जो अपने आप को खपा कर देश के सपनों को संकल्प और संकल्प को सिद्धि तक ले जाने की यात्रा में अपने आप को डूबो देते हैं। मेरे सामने 18 से 25 वर्ष के आयु का जवान... मेरे 2047 के सपने का सबसे बड़ी शक्ति का स्रोत है। इसलिए उन्हें विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जोड़ना है, नेशन फर्स्ट के विचार से जोड़ना है।

इस स्थिति में नहीं पनपता आंतरिक लोकतंत्र

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज सदस्यता अभियान का एक और दौर प्रारंभ हो रहा है। भारतीय जनसंघ से लेकर अब तक हमने देश में एक नई राजनीतिक संस्कृति लाने का भरसक प्रयास किया है। जब तक जिस संगठन के माध्यम से या जिस राजनीतिक दल के माध्यम से देश की जनता सत्ता सुपुर्द करती है, वो ईकाई, वो संगठन और वो दल अगर लोकतांत्रिक मूल्यों को नहीं जीता है, आंतरिक लोकतंत्र निरंतर उसमें पनपता नहीं है तो वैसी स्थिति बनती है जो आज देश कई दलों को हम देख रहे हैं।

स्पेशल एफर्ट किया शुरू

वो लोग जिन्होंने तीन-तीन, चार-चार पीढ़ी में घर नहीं देखा था, जो झुग्गी-झोपड़ी और फुटपाथ में जिंदगी गुजारते थे। ऐसे 4 करोड़ परिवार को हमने एड्रेस दिया है। जब जिंदगी में घर का पता तय हो जाता है तो मंजिल का पता अपने आप बनने लगता है। देश में ऐसे-ऐसे इलाके हैं, जहां व्यवस्थाएं इतने सालों के बाद भी पहुंच नहीं पाई थी। हमने पीएम जनमन योजना बनाकर स्पेशल एफर्ट शुरू किया है।

विधानसभाओं और लोकसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू

ये जो सदस्यता अभियान होगा, जो संगठन की संरचना होगी... उसी कालखंड में विधानसभाओं और लोकसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होगा। महिलाओं के लिए अगर ये 33 प्रतिशत आरक्षण इसी कालखंड में आने वाला है तो क्या मेरे सदस्यता अभियान में मैं वैसे सभी लोगों को जोड़ूंगा, जो मेरी पार्टी के इतने महत्वपूर्ण निर्णय में अधिकतम महिलाओं को विजयी बनाकर एमएलए, एमपी बना सके।

बीजेपी कार्यकर्ताओं का एक पैर रेल में और एक जेल में

हमारे कार्यकर्ताओं के लिए कहा जाता था कि उसका एक पैर रेल में होता है और दूसरा जेल में होता है। रेल में इसलिए... कि भाजपा का कार्यकर्ता निरंतर भ्रमण करता था, प्रवास करता था और समाज की समस्याओं के समाधान के लिए सत्ता पर बैठे हुए लोगों के सामने संघर्ष करता था... इसलिए कभी जेल तो कभी बाहर... ये उसकी स्थिति होती थी।

Tags:    

Similar News