Hathras Stampede Accident : हाथरस भगदड़ में अब तक 123 लोगों की मौत, राहुल गांधी कर सकते हैं दौरा

Hathras Stampede Accident : हाथरस भगदड़ दुर्घटना में मरने वालों में अधिकतर महिलाएं हैं।

Update: 2024-07-04 07:07 GMT

Hathras Stampede Accident 

Hathras Stampede Accident : उत्तरप्रदेश। हाथरस में भोले बाबा उर्फ़ नारायण हरी साकार की सत्संग में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ गई है। बुधवार तक 121 लोगों की मौत की जानकारी थे लेकिन गुरुवार को यह आंकड़ा बढ़ कर 123 हो गया है। अब तक कई लोगों से पूछताछ की गई है, अलग - अलग जिलों में पुलिस दबिश भी दे रही है लेकिन बाबा अब भी फरार ही है। वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हाथरस का दौरा करने का प्लान बना रहे हैं। सीएम योगी ने भी पिछले दिनों पीड़ितों से मुलाकात की थी उन्होंने हाथरस में घटनास्थल का दौरा भी किया था।

हाथरस भगदड़ दुर्घटना पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी हाथरस जाने की योजना बना रहे हैं। वह वहां जाएंगे और प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे।

2 जुलाई को जब हाथरस में भगदड़ मची उस समय यूपी पुलिस की कांस्टेबल शीला मौर्य सुरक्षा ड्यूटी पर थीं। उन्होंने बताया कि, "मुझे मंच के सामने तैनात किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वहां बहुत भीड़ थी। लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। मैंने कई महिलाओं की मदद की, लेकिन बाद में मैं भी गिर गई और मुझे चोटें आईं। समस्या यह थी कि वहां बहुत भीड़ थी और सभी लोग एक साथ कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलने लगे। उस समय, मैं केवल एक ही व्यक्ति थी।"

बता दें कि, हादसे के 24 घंटे बाद नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा ने अपने वकील के जरिए बयान जारी करते हुए कहा था कि, हम मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और परमात्मा से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।और आगे लिखा कि घटना से पहले ही मैं निकल गया था।असामाजिक तत्वों ने भगदड़ मचाई है। इन लोगों के खिलाफ लीगल एक्शन लूंगा।

Tags:    

Similar News