हरियाणा विधानसभा चुनाव साथ लड़ेगी बहुजन और INLD, जानिए कौन होगा मुख्यमंत्री चेहरा

हरियाणा विधानसभा चुनाव में 37 सीट पर बसपा चुनाव लड़ेगी और 53 सीट पर इनेलो चुनाव लड़ेगी।

Update: 2024-07-11 09:46 GMT

इस साल के अंत में हरियाणा में विधानसभा का चुनाव होना है। इसके पहले देश भर के सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का एलान किया है। दोनों पार्टियों ने प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। इस गठबंधन को लेकर बसपा सुप्रीपो मायावती की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा - मुझे पूरी उम्मीद है कि यह आपसी एकजुटता जन आशीर्वाद से विरोधियों को हरा कर नई सरकार बनाएगी।

बता दें पत्रकार वार्ता में बताया गया कि विधानसभा चुनाव में 37 सीट पर बसपा चुनाव लड़ेगी और 53 सीट पर इनेलो चुनाव लड़ेगी। अभय चौटाला राज्य में इस गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा होगें।

चुनाव जीतने के साथ सरकार भी बनाएंगे- बसपा

मोहाली में BSP के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने कहा हरियाणा की जनता ने JJP, BJP और कांग्रेस तीनों को वोट देकर देख चुकी है। तीनों ने काफी लंबे समय तक सरकार चलाई लेकिन जनता की बातें नहीं सुनी गई, उनके लिए काम नहीं किया गया। इस कारण लोगों में इनके खिलाफ बहुत आक्रोश है। हमें लगता है कि गठबंधन की सरकार यहां बहुत अच्छा निर्णय दे पाएगी। हमें पूरा भरोसा है कि हम न सिर्फ चुनाव लड़ेंगे बल्कि सरकार भी बनाएंगे।

अभय चौटाला होगें सीएम फेस

वहीं, INLD नेता अभय सिंह चौटाला का कहना है कि आज आम आदमी की भावना यह है कि 10 साल से इस राज्य को लूटने वाली भाजपा को सत्ता से हटाया जाए और कांग्रेस पार्टी को सत्ता से दूर रखा जाए। हम हरियाणा में बीजेपा और कांग्रेस दोनों के खिलाफ एक ऐसा मोर्चा बनाएंगे, जिसमें लोगों का भरोसा बढ़ेगा और आने वाले समय में इस राज्य में गठबंधन की सरकार बनेगी।


पूर्व सीएम मायावती ने दी प्रतिक्रिया

मायावती ने ट्वीट कर लिखा- हरियाणा में सर्वसमाज-हितैषी जनकल्याणकारी सरकार बनाने के संकल्प के कारण इस गठबंधन में एक-दूसरे को पूरा आदर-सम्मान देकर सीटों आदि के बंटवारे में पूरी एकता व सहमति बन गई है। मुझे पूरी उम्मीद है कि यह आपसी एकजुटता जन आशीर्वाद से विरोधियों को हरा कर नई सरकार बनाएगी।

Tags:    

Similar News