MI VS GG: मुंबई ने एलिमिनेटर में गेंद और बल्ले से मचाई धूम, WPL के फाइनल में किया प्रवेश...

Update: 2025-03-13 18:08 GMT

MI vs GG Highlights WPL Eliminator: मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 47 रन से हराकर वीमेंस प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह मैच WPL 2025 का एलिमिनेटर था, जिसमें मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए। गुजरात की टीम 166 रन ही बना पाई और 47 रन से हार गई। मुंबई ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया, जिससे गुजरात को पूरी तरह से मात दी और फाइनल में पहुंचने का अपना लक्ष्य पूरा किया।

मुंबई इंडियंस को टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला, लेकिन शुरुआत में यास्तिका भाटिया सस्ते में आउट हो गईं। हालांकि, हेली मैथ्यूज और नताली साइवर-ए- ब्रंट ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और ये दोनों ही खिलाड़ी यह दिखा गए कि मुंबई की पूरी टीम फाइनल का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है। मैथ्यूज और ब्रंट ने 77 रन की शानदार पारी खेली और दोनों मिलकर 133 रनों की बड़ी साझेदारी की। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया, उन्होंने आते ही चौके-छक्कों की बरसात की और महज 12 गेंदों में 36 रन की धमाकेदार पारी खेली।

मुंबई ने दूसरी बार WPL फाइनल में बनाई जगह

यह WPL इतिहास में दूसरी बार है जब मुंबई इंडियंस ने फाइनल में जगह बनाई है। इससे पहले, मुंबई ने WPL 2023 का फाइनल खेला था और दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराकर खिताब जीता था। अब 15 मार्च को होने वाले फाइनल मैच में मुंबई इंडियंस का सामना एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स से होगा। गौरतलब है कि दिल्ली ने अब तक तीनों बार वीमेंस प्रीमियर लीग के फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, गुजरात की टीम इस बार पहली बार WPL के प्लेऑफ में पहुंची थी, लेकिन मुंबई ने उसकी फाइनल तक पहुंचने की उम्मीदों को तोड़ दिया। 2023 और 2024 सीजन में गुजरात को पॉइंट्स टेबल में अंतिम स्थान पर संतोष करना पड़ा था, और इस बार मुंबई ने उसे फाइनल का सपना चकनाचूर कर दिया।

मुंबई का ऐतिहासिक स्कोर


मुंबई इंडियंस ने WPL इतिहास में अपना सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है। इससे पहले, मुंबई का सबसे बड़ा स्कोर 207 रन था, जो उसने 2023 में गुजरात के खिलाफ बनाया था। अब, मुंबई ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 213 रन बनाए हैं, और यह उपलब्धि भी उसने गुजरात के खिलाफ हासिल की है। वहीं, WPL इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर यूपी वॉरियर्स के नाम है, जिन्होंने WPL 2025 में RCB के खिलाफ खेलते हुए 225 रन बनाए थे।

Tags:    

Similar News