झूठी शान के लिए भाई ने कर दी बहन की हत्या

साल भर पहले प्रेमी संग छोड़ा था गांव

Update: 2023-07-04 21:03 GMT

आगरा। खंदौली के गांव तानगढ़ी में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। अपने प्रेमी के साथ गांव में रहने वाली विवाहिता 25 वर्षीय सुधा की भाई सत्य प्रकाश ने कनपटी में सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाहित बहन के प्रेम संबंधों को लेकर घर में थोड़ी नाराजगी थी। मगर, कुछ दिन बाद हालात सामान्य हो गए। बहन के गांव में आकर प्रेमी के घर में रहने से खून में उबाल आ गया। गांव वालों के विरोध ने आग में घी डालने का काम किया। इसी के चलते झूठी शान में भाई ने अपनी बहन के खून से ही हाथ रंग लिए। घटना के बाद से प्रेमी के स्वजन दहशत में हैं। गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है।

खंदौली के गांव तानगढ़ी निवासी सुधा के प्रेम संबंधों से स्वजन क्षुब्ध थे।शादी होने के बाद पहले तो वह अपनी ससुराल में नहीं रुकी। इसके बाद प्रेमी के साथ घर से चली गई। ख्यालीराम बेलदारी का काम करता था। खंदौली में जाकर रहने पर भी सुधा के भाई व पिता ने उसे सहन कर लिया। मगर, प्रेमी ख्यालीराम अपने घर में सुधा को रखने लगा। बस तभी से सुधा के भाई और पिता को वह अधिक खटकने लगी थी। गांव वालों ने इसका विरोध किया तो सुधा के भाई सत्यप्रकाश का गुस्सा और बढ़ गया। उसने सुधा और ख्यालीराम से गांव छोड़कर जाने को कहा। मगर, वे इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद सोमवार रात को सुधा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर रात तक पुलिस आरोपित की तलाश में उनकी रिश्तेदारियों में दबिश दे रही थी।

Similar News