ब्रज को उसका प्राचीन स्वरूप प्रदान कर रहा है ब्रज तीर्थ विकास परिषद-योगी आदित्यनाथ
-बरसाना में श्रीराधा रानी के दर्शन कर भाव विह्ल हुए सीएम, उन्होंने कहा, गंगा की तरह जल्द यमुना भी अविरल बहेगी -गाय अब न कसाईखाने जाएंगी और न ही सड़कों पर लाठियां खाएंगी, गायों का संरक्षण हमारा संकल्प;
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरसाना पहुंचे। यहां उन्होंने लाडिली जी मंदिर में श्रीराधारानी के दर्शन किए। होली पर आयोजित रंगोत्सव का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम 5 हजार वर्ष पुराने ब्रज को दुनिया के सामने लाए है। ब्रज तीर्थ विकास परिषद ब्रज को उसका प्राचीन स्वरूप प्रदान कर रहा है। उन्होंने गंगा की तर्ज पर जल्द ही यमुना की अविरलता की बात कही और कान्हा की प्रिय गायों के संरक्षण के संकल्प को दोहराया।
सीएम योगी ने कहा कि ब्रज तीर्थ परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा एवं विधायकों की मांग पर सरकार ने मथुरा, वृंदावन, बरसाना, बलदेव, गोवर्धन, गोकुल, महावन को पवित्र तीर्थ स्थल का दर्जा दिया है।
सीएम ने कहा कि गोमाता की सेवा करने से ही बांकेबिहारी गोपाल कहलाए। हमको इसी भाव से गोसेवा से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब गोमाता न कसाईखाने जाएगी और न ही सड़कों पर लाठी खाएगी, गायों का संरक्षण, संवर्द्धन हमारा संकल्प है।
उन्होंने कहा कि देश पर ईश्वर की कृपा बरस रही है। एक-एक सभी समस्याओं का समाधान होता जा रहा है। ऐसा लगता है मानो भगवान ने सैकड़ों वर्षों की समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उन्हें दी है।
उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पहले दीपावली पर अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम किया और पूरी दुनिया उससे जुड़ी। देखते ही देखते वर्षों पुरानी समस्या का समाधान एक झटके में हो गया और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया।
उन्होंने मथुरा के खारे पानी, यमुना की अविरलता का संकल्प दोहराते हुए जल्द ही यमुना शुद्धिकरण का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री योगी बरसाना स्थित राधा बिहारी इंटर काॅलेज में आयोजित रंगोत्सव में शामिल हुए और रासलीलाओं का आनंद लिया। बरसाना में पर्यटक सुविधा केंद्र का लोकार्पण किया। पदमश्री संत रमेश बाबा से भेंट की और गौशाला में बने बहुआयामी श्री श्याम लक्ष्मी गौ चिकित्सालय एवंम अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया। इसके बाद सीएम वृंदावन पहुंचे, संतों से मिले और 2021 कुंभ को इलाहाबाद की तर्ज पर भव्य बनाने की बात कही। यहां संतो से सुझाव भी लिए। सीएम ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थल श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के दर्शन किए। प्रभु के साथ चांदी की पिचकारी से होली खेली। इस अवसर पर उनके साथ कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, श्रीकांत शर्मा, ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा साथ थे।
पहाड़ी पर बाउंड्री से टकराई सीएम की गाड़ी
मथुरा के बरसाना में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मंगलवार को जब मुख्यमंत्री योगी राधारानी मंदिर में दर्शन करके लौट रहे थे। तभी उनका कार बाउंड्री से टकरा गई। हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। कार को मामूली नुकसान पहुंचा है।
ब्रज के विकास के लिए परम वैष्णव शैलजाकांत मिश्रा को लाए
सीएम योगी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के प्राचीन ब्रज से नई पीढ़ी अनजान है। हम इस ब्रज को उसी प्राचीन स्वरूप में दुनिया के सामने लाए है। इस कार्य के लिए उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया और उपाध्यक्ष के रूप में परम वैष्णव शैलजाकांत मिश्रा को स्थापित किया है।