अयोध्या-मथुरा के बीच सेतु का काम करेगी ब्रज की रजत शिला-दीदी मां
-श्रीराम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाली साध्वी ऋतंभरा ने किया शिला पूजन;
वृंदावन। मथुरा मार्ग स्थित वात्सल्य ग्राम में दीदी मां साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि ब्रज रज से निर्मित रजत शिला में ब्रज के सभी लोगों की भावना और आस्था जुड़ी हुई है। यह रजत शिला ब्रज और अयोध्या के बीच में भावनाओं के सेतु का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि राम जन्म भूमि को मुक्त कराने के लिए अनेकों लोगों ने अपने प्राण न्यौछावर किए। आज वह शुभ दिन आ चुका है कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर का निर्माण होने जा रहा है।राष्ट्रीय संयोजक आचार्य बद्रीश ने कहा कि दीदी मां राम मंदिर आंदोलन की केंद्रीय भूमिका में थीं, जिनकी ओजस्वी वाणी राम भक्तों और कारसेवकों में ऊर्जा का संचार कर देती थी। आज उनके करकमलों से इस रजत शिला का पूजन होने पर सभी ब्रजवासी गौरवान्वित हैं। राष्ट्रीय समन्वयक महंत मोहिनीबिहारी शरण ने कहा कि ब्रज के प्रत्येक स्थान, मंदिर-देवालय, कुंड सरोवर आदि से एकत्रित पवित्र रज इस शिला के अंदर विराजमान होकर राम मंदिर की नींव में प्रथम शिला के रूप में स्थापित होगी। यह ब्रजवासियों के लिए आनंद का विषय है।अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि संघ द्वारा कुछ और महत्वपूर्ण महापुरुषों एवं ब्रज के प्रमुख मंदिरों में रजत शिला का पूजन कराने के बाद इसे अयोध्या में महंत नृत्यगोपाल दास को नींव में प्रथम शिला के रूप में स्थापित करने के लिए सौंपा जाएगा। इस अवसर पर महामंत्री श्रीदास प्रजापति, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमेश सिसोदिया, शारदा मिश्रा, शशि शुक्ला, नीलम गोस्वामी, गोपेश गोस्वामी, ब्रजकिशोर पचैरी, रविकांत गौतम आदि उपस्थित थे।