राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने भारत की विकास यात्रा और वैश्विक शक्तियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी देश नहीं चाहता कि भारत तरक्की करे। इसका कारण यह है कि शक्तियां अपना वर्चस्व कायम रखना चाहती हैं। वे दूसरे देशों को दबाव में रखने की मानसिकता से काम करती हैं। डॉ. भागवत ने कहा कि भारत अगर आगे बढ़ता है, तो ऐसी ताकतों की दुकानें बंद हो जाएंगी, क्योंकि भारत का उद्देश्य केवल अपनी प्रगति नहीं, बल्कि सभी की मदद करना है।
पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह में बोले सरसंघचालक
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बुधवार को पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि दुनिया की ताकतें सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट यानी सबसे सक्षम के अस्तित्व में विश्वास करती हैं। उनका उद्देश्य अपना प्रभुत्व बनाए रखना और दूसरों को अपने दबाव में रखना है।
पड़ोसियों की भी मदद करता है भारत
उन्होंने कहा कि भारत की सोच इससे अलग है। भारत सभी की सहायता करना चाहता है। यहां तक कि उन पड़ोसी देशों की भी मदद करता है, जो भारत से नफरत करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति और उसका सहयोग आधारित दृष्टिकोण वैश्विक वर्चस्व की सोच रखने वाली ताकतों के लिए चुनौती बन सकता है।
युवा पीढ़ी सच के साथ
सरसंघचालक डॉ. भागवत ने देश की युवा पीढ़ी की सोच और उसके नजरिये की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आज का युवा गुलामी की मानसिकता से मुक्त है और सच के साथ खड़े होने का साहस रखता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई सच्ची बात कहता है, तो युवा उसके साथ खड़े होने के लिए तैयार रहते हैं। वे झूठ से नफरत करते हैं और अपने देश को महान बनाना चाहते हैं। उन्होंने युवाओं की इसी सोच को देश की ताकत बताते हुए कहा कि भारत को आगे ले जाने में नई पीढ़ी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।