दुनिया की कई बड़ी कंपनियों और समाचार संस्थानों की वेबसाइटों पर आने वाले इंटरनेट यूजर्स को निशाना बनाकर बड़ा साइबर हमला किया है । BBC, CNN, Fox News, Zoom, Salesforce, GitLab, IKEA, HSBC और Equifax जैसी संस्थाओं की वेबसाइटों पर आने वाले लोगों तक दुर्भावनापूर्ण सॉफ्टवेयर पहुंचाया गया, भारत की Crocs India वेबसाइट भी प्रभावित सूची में शामिल है ।
साइबर सुरक्षा शोधकर्ता स्कॉट हेल्म की संस्था रिपोर्ट यूआरआई ने 16 नवंबर 2026 को इस हमले का खुलासा किया । टीम ने Optimizely प्लेटफॉर्म की 1,611 जावास्क्रिप्ट फाइलों की जांच की । इनमें 188 फाइलों में मालवेयर मिला जो 178 संगठनों से जुड़ी थीं । शोधकर्ताओं का कहना है कि प्रभावित संस्थाओं की वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है ।
भरोसेमंद तकनीकी प्लेटफॉर्म के जरिए पहुंचा मालवेयर
Optimizely कंपनियों को अपनी वेबसाइट पर प्रयोग करने और यूजर्स की पसंद के अनुसार सामग्री दिखाने की तकनीकी सुविधा देता है, इसके लिए वेबसाइटों में विशेष जावास्क्रिप्ट कोड लगाया जाता है ।हैकर्स ने Optimizely के इसी सिस्टम की सुरक्षा खामी का फायदा उठाया और ग्राहक परियोजनाओं के कोड में अपना दुर्भावनापूर्ण जावास्क्रिप्ट जोड़ दिया । इसके बाद Optimizely के भरोसेमंद सर्वर से मालवेयर प्रभावित वेबसाइटों पर आने वाले लोगों के ब्राउजर तक पहुंचने लगा।
इसका मतलब यह नहीं है कि सभी प्रभावित कंपनियों के अपने सर्वर या पूरे नेटवर्क हैक हो गए थे। खतरा उनकी वेबसाइटों में इस्तेमाल हो रही तीसरी कंपनी की तकनीकी सेवा के जरिए पहुंचा था यही इस हमले की सबसे गंभीर बात है।
क्रिप्टोकरेंसी और बैंकिंग कार्ड निशाने पर
मालवेयर में कई तरह की जानकारी चुराने की क्षमता थी ।
-
क्रिप्टोकरेंसी की चोरी: यह बिटकॉइन, एथेरियम, सोलाना और दूसरी डिजिटल मुद्राओं के वॉलेट पते पहचानकर उनकी जगह हमलावरों के पते डाल सकता था । रिपोर्ट यूआरआई ने हमलावरों के वॉलेट में क्रिप्टोकरेंसी पहुंचने के लेनदेन भी दर्ज किए।
-
बैंकिंग कार्ड की जानकारी: कोड वेबसाइट के सामान्य भुगतान फॉर्म में दर्ज कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट और CVV चुरा सकता था । हालांकि Stripe और Adyen जैसी सेवाओं के अलग सुरक्षित पेमेंट फ्रेम में दर्ज कार्ड विवरण इसकी पहुंच से बाहर थे।
-
निजी जानकारी: यह असुरक्षित ब्राउजर कुकीज, वेबसाइट का पता और पेज के स्क्रीनशॉट भी हमलावरों तक भेज सकता था ।
रिपोर्ट यूआरआई के मुताबिक 16 नवंबर को भारतीय समय के अनुसार शाम के दौरान कार्ड की जानकारी चुराने वाला कोड भी सक्रिय किया गया था।
iPhone और iPad यूजर्स पर भी खतरा
इस हमले में Apple के iPhone और iPad यूजर्स को निशाना बनाने की तैयारी भी की गई थी, मालवेयर में Coruna और DarkSword नाम के iOS एक्सप्लॉइट किट लोड करने की व्यवस्था थी । इनका उद्देश्य पुराने या कमजोर iOS संस्करणों की सुरक्षा खामियों का फायदा उठाना था।हालांकि मालवेयर में ऐसे टूल मौजूद होने का मतलब यह नहीं है कि सभी प्रभावित फोन हैक हो गए । रिपोर्ट में इस अभियान के दौरान iPhone पर सफल कब्जे का पुष्ट प्रमाण सामने नहीं आया है ।
Optimizely ने सुरक्षा खामी दूर करने की जानकारी दी
Optimizely ने 17 नवंबर को अपनी सेवा स्थिति संबंधी सूचना में पुष्टि की कि उसकी Web Experimentation सेवा में मौजूद सुरक्षा कमजोरी का फायदा उठाकर अनधिकृत व्यक्ति ने कुछ ग्राहक परियोजनाओं में जावास्क्रिप्ट जोड़ दी थी ।कंपनी के अनुसार, उसने सुरक्षा खामी दूर कर दी और प्रभावित परियोजनाओं से मालवेयर हटा दिया। प्रभावित खातों के सक्रिय सत्र समाप्त किए गए, टोकन निरस्त किए गए और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए गए ।
कंपनी ने प्रभावित ग्राहकों को सूचना देने की भी बात कही । रिपोर्ट यूआरआई के 17 नवंबर के अपडेट के अनुसार, 16 नवंबर को 23:11 UTC तक 188 संक्रमित फाइलों में से केवल एक में दुर्भावनापूर्ण कोड बचा था। बाकी फाइलें साफ कर दी गई थीं।
करीब 7 हजार डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी पहुंची हमलावरों के खातों में
रिपोर्ट यूआरआई ने 16 नवंबर को 19:25 UTC तक हमलावरों से जुड़े डिजिटल वॉलेट में करीब 7,040 डॉलर की क्रिप्टोकरेंसी पहुंचने का हिसाब दर्ज किया । हालांकि इस पूरी रकम को इसी हमले से हुई चोरी मानना सही नहीं होगा, क्योंकि कुछ वॉलेट में पहले से भी लेनदेन हो रहे थे । बैंकिंग कार्ड और ब्राउजर से चुराई गई जानकारी की वास्तविक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है।