दिल्ली विधानसभा चुनाव: वोटिंग खत्म, शाम 5 बजे तक 57.70% मतदान

Delhi Election Voting Live : दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 70 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, शाम 5 बजे तक कुल 57.70% मतदान दर्ज किया गया। नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में सबसे अधिक 63.83% वोटिंग हुई, जो भाजपा सांसद मनोज तिवारी का संसदीय क्षेत्र है।
इन दिग्गजों ने डाला वोट
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराज्यपाल वीके सक्सेना, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, मुख्यमंत्री आतिशी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अपने परिवार के साथ मतदान किया।
अरविंद केजरीवाल अपने माता-पिता को व्हीलचेयर पर लेकर वोट डालने पहुंचे, जिससे भावुक नजारा देखने को मिला।
सीलमपुर में फर्जी वोटिंग का आरोप, भाजपा-आप समर्थकों में झड़प
भाजपा ने सीलमपुर में बुर्का पहनकर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया, जिसके बाद आप और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने स्वीकार किया कि कुछ मामलों में गलत पहचान के कारण अन्य लोगों ने वोट डाल दिया। हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया कि नामों की समानता के कारण यह भ्रम हुआ था।
AAP का आरोप: नॉर्थ एवेन्यू में पैसे बांटे गए
आप नेता संजय सिंह ने आरोप लगाया कि नॉर्थ एवेन्यू एन ब्लॉक में 2000-3000 रुपये बांटे गए और लोगों की उंगलियों पर स्याही लगाई गई। उन्होंने कहा कि यह सब चुनाव आयोग की निगरानी में हो रहा है।
पुलिस की निगरानी बढ़ी
मतदान के दौरान विवाद को देखते हुए पुलिस ने कई क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और जांच जारी है। अब मतगणना के दिन सबकी नजरें इस पर रहेंगी कि दिल्ली की जनता ने किसके पक्ष में जनादेश दिया है।
Live Updates
- 5 Feb 2025 8:06 AM IST
AAP विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ फ्लाइंग किस देने का मामला दर्ज
संगम विहार थाने में एक महिला ने AAP विधायक दिनेश मोहनिया के खिलाफ फ्लाइंग किस देने का मामला दर्ज कराया है। दिल्ली पुलिस ने धारा 323/341/509 के तहत मामला दर्ज किया है।
- 5 Feb 2025 8:05 AM IST
AAP विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ एमसीसी उल्लंघन का मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने ओखला विधानसभा से AAP विधायक और उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। इस मामले में एफआईआर संख्या 95/25 धारा 223/3/5 बीएनएस और 126 आरपी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- 5 Feb 2025 7:52 AM IST
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किया मतदान
भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के के. कामराज लेन स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
वोट डालने के बाद भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, "सबसे पहले मैं बधाई देना चाहता हूं कि यह पूरे देश के लिए बहुत गर्व की बात है कि आज हम जो देख रहे हैं वह यह है कि लोकतंत्र में हर कोई अपने अधिकार का प्रयोग कर सकता है। वोट देना सिर्फ अधिकार नहीं है बल्कि हर आम नागरिक की जिम्मेदारी भी है कि वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा ले और भारत का भविष्य खुद तय करे।"
- 5 Feb 2025 7:28 AM IST
मिल्कीपुर उपचुनाव में मतदान जारी :
उत्तरप्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान जारी है। यहां 210 मतदान स्थलों पर वेब कास्टिंग की जा रही है। 25 मतदान स्थलों की वीडियोग्राफी हो रही है। 71 मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर हैं। 9 उड़नदस्ता टीम, 9 स्टेटिक निगरानी टीम, 6 वीडियो निगरानी टीम सक्रिय है। 2 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, 4 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात हैं। 3,70,829 मतदाता उप चुनाव में मतदान कर रहे हैं। 255 मतदान केंद्र, 414 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। उप चुनाव में भाजपा के चंद्रभानु पासवान और सपा के अजीत प्रसाद (सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे) आमने - सामने हैं।
- 5 Feb 2025 7:23 AM IST
प्रवेश वर्मा ने की लोगों से भाजपा के लिए वोट करने की अपील:
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा, "उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) कहा था कि वह यमुना नदी को साफ करेंगे, लेकिन कुछ नहीं किया। मैं लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट देने की अपील करता हूं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी में जहर घोल दिया है, लेकिन उन्होंने इस बार भाजपा की सरकार बनाने का फैसला किया है।
- 5 Feb 2025 7:21 AM IST
वीरेंद्र सचदेवा और उनकी पत्नी ने किया मतदान :
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और उनकी पत्नी पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मयूर विहार फेज 1 के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद स्याही लगी अपनी उंगलियां दिखाते हुए।
- 5 Feb 2025 7:19 AM IST
वोट डालने पहुंची अलका लांबा और उनके पिता अमर नाथ लांबा
कालकाजी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा और उनके पिता अमर नाथ लांबा मादीपुर में मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे। वीवीपैट में कुछ गड़बड़ी के कारण यहां मतदान प्रक्रिया रोक दी गई है।
- 5 Feb 2025 7:17 AM IST
मनीष सिसोदिया ने कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की
जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक और आप नेता मनीष सिसोदिया ने कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक और आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा, "लाखों लोग अपने कल्याण और प्रगति के साथ-साथ दिल्ली के कल्याण के लिए वोट करेंगे। इसलिए मैंने कालका माई से प्रार्थना की कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आप एक बार फिर सरकार बनाए...मुझे पूरा विश्वास है कि आप एक बार फिर सत्ता में आएगी, अरविंद केजरीवाल दिल्ली के सीएम बन रहे हैं और मैं जंगपुरा से लोगों की सेवा करने के लिए जीत रहा हूं।"
कल रात सीएम कार्यालय से कथित तौर पर जुड़ी नकदी जब्त किए जाने पर उन्होंने कहा, "बीजेपी के लोग झूठ बोलने और मशीनरी का दुरुपयोग करने के अलावा कुछ नहीं करते। उन्होंने पिछले 4-5 दिनों में दिल्ली में सिर्फ आतंक और गुंडागर्दी फैलाई है। उनके पास पैसा, साड़ियां और जूते हैं। हर जगह से वीडियो आ रहे हैं...यह बीजेपी का पैसा है।"
- 5 Feb 2025 7:15 AM IST
संदीप दीक्षित ने किया मतदान
नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने दिल्ली Assembly Election 2025 के लिए अपना वोट डाला।
- 5 Feb 2025 7:14 AM IST
अरविंद केजरीवाल के सामने प्रवेश वर्मा और संदीप दीक्षित मैदान में:
आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। सीएम आतिशी कालकाजी में भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पात्र मतदाता आज एक ही चरण में मतदान कर रहे हैं। 699 उम्मीदवार मैदान में हैं।