प्रमोद शर्मा, हापुड़: गढ़ गंगा कार्तिक मेले में शनिवार को उस समय प्रशासनिक हलचल तेज हो गई, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेले का निरीक्षण करने पहुंचे। मौसम में छाई घनी धुंध के चलते मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर से आने का कार्यक्रम बदलना पड़ा और उन्हें सड़क मार्ग से कार द्वारा मेला स्थल तक पहुंचना पड़ा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में दिनभर तैयारियां चलती रहीं।
सीएम योगी ने किया प्रदर्शनियों का निरीक्षण
गंगा मेले में पहुंचते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले विभिन्न विभागों और संस्थानों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक उद्योगों में विशेष रुचि दिखाई। हापुड़ की पहचान बन चुके प्रसिद्ध पारंपरिक मुढ़ा उद्योग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री कुछ देर रुके। उन्होंने वहां मौजूद कारीगरों से बातचीत कर मुढ़ा निर्माण की प्रक्रिया, इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल, मेहनत और इस उद्योग से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कारीगरों से उद्योग की वर्तमान स्थिति और इसे आगे बढ़ाने की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। स्थानीय स्तर पर रोजगार और पारंपरिक हुनर को पहचान दिलाने की दिशा में मुढ़ा उद्योग की अहमियत प्रदर्शनी में प्रमुखता से दिखाई दी। मुख्यमंत्री के इस पड़ाव से स्थानीय कारीगरों को अपने पारंपरिक काम और उत्पादों को प्रदेश स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद जगी।
गंगा आरती में शामिल हुए सीएम योगी
प्रदर्शनियों का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गंगा आरती स्थल के लिए रवाना हुए। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ मां गंगा की आरती में सहभागिता की। दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार और गंगा मैया के जयकारों के बीच धार्मिक वातावरण देखने को मिला। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में श्रद्धालुओं और संतों में भी उत्साह दिखाई दिया।
पुलिस अधिकारियों के साथ की समीक्षा
गंगा आरती के बाद मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में गंगा मेले की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं मुस्तैदी के साथ संचालित की जाएं। मुख्यमंत्री ने मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनके दौरे के बाद अब प्रशासनिक अमले पर निर्देशों के प्रभावी अनुपालन की जिम्मेदारी है। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े गढ़ गंगा कार्तिक मेले में व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री का यह निरीक्षण खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।