अंकित पाण्डेय, गौरीगंज,अमेठी: जामों थाना क्षेत्र के लोरिकपुर गांव में रविवार सुबह मछली पकड़ने गए 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामों लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने तालाब में डूबने की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान लोरिकपुर निवासी रमेश कुमार के पुत्र अंकुश (14) के रूप में हुई है। बताया गया कि रविवार सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच अंकुश अपने परिजनों के साथ गांव के पास खेत में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर दौड़ते समय वह अचानक गिर पड़ा। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजन उसे तत्काल सीएचसी जामों लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल से पुलिस को डेथ मेमो भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों की ओर से किशोर की मौत तालाब में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस के अनुसार मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत
गौरीगंज,अमेठी। जामों थाना क्षेत्र के बैदापुर सूखी गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी बुजुर्ग रविवार को घर से जानवर चराने के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश के बीच एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने से पेड़ की एक बड़ी डाल टूटकर नीचे गिर गई। इसकी चपेट में आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर जामों पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की ओर से आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।