ED Action: MP Accounts for 9% Nationwide Cases

मध्यप्रदेश में ED की सख्ती: देश की हर 12वीं कार्रवाई यहीं, 6 माह में 39 केस

देशभर में 6 माह में ईडी की 457 कार्रवाइयों में से 39 मध्यप्रदेश में। भोपाल-इंदौर केंद्र में, धनशोधन और आर्थिक अपराधों पर सख्ती बढ़ी।

By : स्वदेश डेस्क
मध्यप्रदेश में ED की सख्ती: देश की हर 12वीं कार्रवाई यहीं, 6 माह में 39 केस

आर्थिक अनियमितताओं के मामले में पिछले छह माह में ईडी ने 457 कार्रवाइयां की हैं। इनमें करीब नौ फीसदी (39) कार्रवाई मध्यप्रदेश में हुई हैं। ये कार्रवाइयां खासतौर पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा), विदेशी मुद्रा विनिमय अधिनियम (फेरा), भगोड़ा आर्थिक अपराध अधिनियम (एफईओए) एवं विदेशी मुद्रा संरक्षण और तस्करी गतिविधियों की रोकथाम अधिनियम के तहत की गई हैं। बात साफ है कि धनकुबेरों पर हो रही ईडी की हर 12वीं कार्रवाई मध्यप्रदेश में हो रही है।

इन दिनों ईडी की नजर प्रदेश के कई ऐसे धनकुबेरों पर है, जो पहले ही लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू, आयकर अथवा सीबीआई जैसी एजेंसियों की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं, या जिनके मामलों को विभिन्न जांच एजेंसियों ने ठंडे बस्ते में डाल दिया था।जानकारों का कहना है कि राजधानी भोपाल और इंदौर के कई चर्चित मामलों में ईडी ने कार्रवाई की है, जिनमें आरोपी पहले दूसरी जांच एजेंसियों से राहत पाने में कमोबेश सफल हो गए थे। ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं।ईडी ने अपनी कार्रवाई के तहत संबंधित अभियुक्तों की स्थायी और अस्थायी संपत्तियां कुर्क की हैं। प्रदेश में ईडी की जितनी कार्रवाइयां हुई हैं, वे सभी भोपाल और इंदौर में केंद्रित रही हैं। शेष महानगर अभी इन कार्रवाइयों से अछूते हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार

  • लोकायुक्त, ईओडब्ल्यू, आयकर, सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों से राहत पाने वाले लोग अब ईडी के रडार पर हैं।

  • छह माह में देशभर में हुई ईडी की कार्रवाइयों में नौ फीसदी मामले अकेले मध्यप्रदेश में सामने आए हैं।

प्रदेश में ईडी की अब तक की कार्रवाई

अक्टूबर 2025

  • 3 अक्टूबर : जनपद पंचायत सिरोंज के पूर्व सीईओ शोभित त्रिपाठी मामले में भोपाल, विदिशा, कटनी, छतरपुर में छापे; दस्तावेज जब्त, 21.7 लाख के खाते फ्रीज।

  • 3 अक्टूबर : शराब चालान घोटाले में अंश त्रिवेदी और राजू दशवंत की गिरफ्तारी।

  • 29 अक्टूबर : नारायण निर्यात इंडिया से जुड़ी कंपनियों की 1.14 करोड़ की संपत्तियां कुर्क।

नवंबर 2025

  • 7 नवंबर : धनंजय चतुर्वेदी दंपत्ति की 1.31 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 17 नवंबर : एडवांटेज ओवरसीज केस में दुबई की 51.70 करोड़ की संपत्तियां कुर्क।

  • 28 नवंबर : मनोज परमार केस में 2.08 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 29 नवंबर : एडवांटेज ओवरसीज से जुड़ी 111.32 करोड़ की संपत्तियां कुर्क।

दिसंबर 2025

  • 5 दिसंबर : एफसीआई कर्मचारी किशोर मीणा के खिलाफ 4.05 करोड़ के मामले में शिकायत।

  • 5 दिसंबर : नारायण निर्यात इंडिया व अन्य के खिलाफ पीएमएलए केस दर्ज।

  • 25 दिसंबर : रुचि समूह मामले में इंदौर-मुंबई में छापे, नकदी व खाते फ्रीज।

  • 30 दिसंबर : एस. कुमार्स केस में लंदन स्थित 150 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 30 दिसंबर : आरटीओ संतोष पॉल दंपत्ति की 3.38 करोड़ की संपत्तियां कुर्क।

जनवरी 2026

  • 9 जनवरी : सिंगरौली में रिश्वत मामले में शैलेन्द्र पंसारी के खिलाफ शिकायत।

  • 19 जनवरी : जिला पंजीयक सोबरन सिंह अपौरिया के खिलाफ केस।

  • 28 जनवरी : राजेश कोठारी केस में 1,30,91,803 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 28 जनवरी : मार्क पियस करारी सहित अन्य के खिलाफ शिकायत, नोटिस जारी।

  • 28 जनवरी : बीएड कॉलेज छतरपुर के पूर्व प्राचार्य के खिलाफ केस, नोटिस जारी।

  • 29 जनवरी : नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में संभागीय उप-निदेशक रहे अशोक शर्मा के विरुद्ध अभियोजन शिकायत दायर, न्यायालय से नोटिस जारी।

  • 29 जनवरी : 20.47 करोड़ फर्जी भुगतान केस में कमल राठौर सहित 6 आरोपी, नोटिस जारी।

  • 30 जनवरी : जल संसाधन विभाग के पूर्व प्रमुख सचिव स्व. अरविंद जोशी से जुड़ी 5 करोड़ की संपत्तियां कुर्क।

  • 30 जनवरी : जगदंबा ऑटोमोटिव्स केस में 45 करोड़ की रिकवरी में मदद।

  • 30 जनवरी : किशोर वधवानी, नितेश वधवानी, श्रीमती पूनम वधवानी और मेसर्स दबंग दुनिया पब्लिकेशन्स प्राइवेट लिमिटेड के मामले में केस दर्ज।

फरवरी 2026

  • 2 फरवरी : इंदौर नगर निगम के पूर्व कर्मचारी चेतन पाटिल की 39.91 लाख की संपत्ति कुर्क।

  • 4 फरवरी : डाक विभाग के अशोक सोनी के खिलाफ शिकायत, नोटिस जारी।

  • 6 फरवरी : अजय तिडके केस में अभियोजन शिकायत, नोटिस जारी।

  • 6 फरवरी : वेदप्रकाश श्रीवास्तव दंपत्ति की 1.58 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 10 फरवरी : सहायक राजस्व अधिकारी राजेश परमार और उनके परिवार की 1.06 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 12 फरवरी : श्रीकांत घांटे केस में 64.16 लाख की संपत्ति कुर्क।

  • 12 फरवरी : आदिम जाति कल्याण विभाग, जबलपुर के पूर्व उप-निदेशक जगदीश सरवट की 11.81 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 12 फरवरी : स्टीलटच रिसोर्सेज से जुड़ी 10.15 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 17 फरवरी : एग्रोट्रेड एंटरप्राइजेज से जुड़ी उमेश शाहरा की पत्नी श्रीमती नीता शाहरा की 5.13 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

मार्च 2026

  • 10 मार्च : पश्चिम रेलवे के पूर्व मंडल अभियंता स्वर्गीय वेदप्रकाश श्रीवास्तव और उनकी पत्नी श्रीमती विभा वेदप्रकाश श्रीवास्तव के खिलाफ केस में अभियोजन शिकायत, 1.58 करोड़ की संपत्ति कुर्क।

  • 13 मार्च : जयश्री गायत्री फूड के संचालक किशन मोदी गिरफ्तार; 20.59 करोड़ रुपये की 11 अचल संपत्तियां 17 मार्च को कुर्क।

  • 18 मार्च : अजा कल्याण विभाग, जबलपुर के पूर्व उप-निदेशक जगदीश सरवटे के खिलाफ कोर्ट में शिकायत दाखिल।

  • 19 मार्च : राजुल ग्रुप, जबलपुर और उसके पार्टनर प्रियंक मेहता पर छापा, 31 लाख जब्त।