प्रमोद शर्मा, हापुड़/बहादुरगढ़: थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में कुटी रोड स्थित अंडरपास सोमवार को उस समय हादसे का गवाह बन गया, जब ईको कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, ईको कार बृजघाट से सवारियां लेकर गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड होते हुए बीबीनगर, जनपद बुलंदशहर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कुटी रोड स्थित अंडरपास के नीचे सामने से आ रही स्प्लेंडर बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। बाइक पर दो लोग सवार थे। आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर यातायात प्रभावित रहा। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान हसीन मिस्त्री पुत्र सदाकत निवासी दौताई, गढ़मुक्तेश्वर और सुमित पुत्र अनिल निवासी अटसैनी सैनी, थाना गढ़मुक्तेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे की जानकारी दोनों के परिजनों को दे दी है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ईको कार और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किसकी लापरवाही से हुआ और टक्कर के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।