शिवपूजन मिश्रा, रामगंज (अमेठी): रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही विकासखंड भादर अंतर्गत रामगंज बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। त्योहार की तैयारियों को लेकर बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर साड़ी, कपड़े, मिठाई और राखियों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है।
रक्षाबंधन को लेकर महिलाएं अपनी पसंद की साड़ियों और अन्य सामान की खरीदारी कर रही हैं। वहीं बहनें भाइयों के लिए आकर्षक राखियां, मिठाई और उपहार खरीदने में जुटी हैं। रामगंज बाजार में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। इससे बाजार की रौनक बढ़ने के साथ ही कारोबारियों के चेहरे पर भी उत्साह नजर आ रहा है।
कपड़ा व्यापारी लालजी ने बताया कि रक्षाबंधन के चलते ग्राहकों की संख्या में इजाफा हुआ है। बिक्री भी सामान्य दिनों की अपेक्षा बेहतर चल रही है। त्योहार के अगले कुछ दिनों में कारोबार और बढ़ने की उम्मीद है। मिठाई विक्रेता जगदीश मोदनवाल उर्फ कल्लू ने बताया कि चीनी के दाम बढ़ने से मिठाइयों की कीमतों में कुछ बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते कुछ ग्राहक कीमत को लेकर असंतोष भी जता रहे हैं, लेकिन त्योहार की खरीदारी पर इसका खास असर नहीं पड़ा है। लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार मिठाइयां खरीद रहे हैं।
रक्षाबंधन के चलते बाजार में बढ़ी चहल-पहल से दुकानदारों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। त्योहार को लेकर रामगंज बाजार में सुबह से शाम तक खरीदारी का सिलसिला जारी है।