प्रमोद शर्मा, हापुड़: आदर्श नगर कॉलोनी में मंगलवार सुबह गत्ते की नलकी बनाने का काम उस समय भारी पड़ गया, जब गैस सिलेंडर के पास अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान के एक कमरे में रखा गत्ता, कच्चा माल, कपड़े और घरेलू सामान धू-धूकर जलने लगा। आग और धुएं का गुबार उठता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर दौड़ी और करीब दो फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
मामला पुल के पास आदर्श नगर कॉलोनी का है। यहां करन सिंह के मकान में नरेश कुमार किराए पर रहते हैं और मकान के भीतर गत्ते की नलकी बनाने का काम करते हैं। बताया गया है कि काम के दौरान गैस सिलेंडर के पास अचानक आग भड़क गई। आग ने पास में रखे गत्ते और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कुछ ही देर में कमरे में चारों तरफ लपटें दिखाई देने लगीं।
आग की सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अरशद खान टीम और फायर टेंडर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आग की भयावहता को देखते हुए दूसरे फायर टेंडर को भी मौके पर बुला लिया गया। दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए लगातार पानी की बौछार की और आग को काबू करने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
दमकल विभाग की तेजी के कारण आग को मकान के अन्य हिस्सों और आसपास के रिहाइशी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया। इससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग में कमरे में रखा गत्ता, कच्चा माल, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि घटना में किसी के झुलसने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अरशद खान ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंच गई थी। दो फायर टेंडरों की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। तत्परता के कारण आग को आसपास फैलने से रोकते हुए बड़ा हादसा टाल दिया गया।