रिपोर्टर अंकित पांडे, अमेठी: ननिहाल में शादी समारोह की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने परिवार को कभी न भूलने वाला गम दे दिया। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के वारिसगंज में ट्रैक्टर की टक्कर से दो वर्षीय मासूम असमीरा की मौत हो गई। बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में शादी की रौनक थी, वहां मातम छा गया।
शादी में शामिल होने आई थी असमीरा
जानकारी के मुताबिक, मासूम असमीरा अपने ननिहाल में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। इसी दौरान ट्रैक्टर की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसकी मौत हो गई। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे ने एक परिवार की शादी की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया।
ककवा हादसे में दूसरी मौत, जिंदगी की जंग हार गया साइकिल सवार
अमेठी। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के ककवा में 28 अक्टूबर को हुए बाइक और साइकिल की टक्कर के हादसे में घायल साइकिल सवार पंचदेव कश्यप की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में उन्होंने अंतिम सांस ली। हादसे के बाद से ही उनका इलाज चल रहा था।
एक हादसे ने छीन ली दो जिंदगियां
इस दुर्घटना में बाइक सवार राहुल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि साइकिल सवार पंचदेव कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद सोमवार को उनकी भी मौत हो गई।
दो मौतों से क्षेत्र में शोक
हादसे में दो लोगों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। एक ही दुर्घटना में दो लोगों की जान जाने से इलाके में भी शोक का माहौल है।