ब्यूरो रिपोर्ट, अमेठी: कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम देवी पाटन के पास ट्रेन की चपेट में आने से 65 वर्षीय सियाराम गुप्ता पुत्र स्वर्गीय राम फेर गुप्ता निवासी रायपुर फुलवारी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, सियाराम गुप्ता शनिवार को घर में किसी बात को लेकर नाराज हो गए थे। इसके बाद वह घर से बाहर निकल गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के गांव, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
शाम करीब 6:10 बजे हुआ हादसा
इसी बीच शाम करीब 6:10 बजे अमेठी की ओर आ रही 15108 डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस देवी पाटन के पास पहुंची। इसी दौरान सियाराम गुप्ता ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। हादसे के बाद मौके पर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर डायल 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
बेटे ने की शव की पहचान
सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के बेटे अमित कुमार गुप्ता ने शव की पहचान अपने पिता के रूप में की। पिता की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।