mp-board-12वीं-के-टॉपर्स-19-सितंबर-को-7500-मेधावी-

MP Board 12वीं के टॉपर्स को बड़ी सौगात: 19 सितंबर को 7,500 मेधावी छात्रों को मिलेगी ई-स्कूटी

मध्यप्रदेश सरकार 19 सितंबर को 7,500 से अधिक मेधावी छात्रों को 'मुख्यमंत्री स्कूटी योजना' के तहत ई-स्कूटी बांटेगी। जानिए इस योजना की पात्रता, शर्तें और लैपटॉप योजना से जुड़ी पूरी जानकारी।

By : स्वदेश डेस्क
MP Board 12वीं के टॉपर्स को बड़ी सौगात: 19 सितंबर को 7,500 मेधावी छात्रों को मिलेगी ई-स्कूटी

7500-मेधावी-छात्रों-को-मिलेगी-ई-स्कूटी

मध्यप्रदेश सरकार राज्य के होनहार विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने जा रही है। एमपी बोर्ड की कक्षा 12वीं में बेहतरीन परफॉर्मेंस करने वाले स्कूल टॉपर्स को कल यानी 19 सितंबर को ‘मुख्यमंत्री स्कूटी योजना’ के तहत ई-स्कूटी वितरित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश के 7,500 से अधिक छात्र-छात्राओं को ई-स्कूटी की सौगात देंगे।

भोपाल के सुभाष उत्कृष्ट स्कूल में मुख्य आयोजन 

ई-स्कूटी वितरण का यह मुख्य समारोह राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर स्थित शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भोपाल और आसपास के जिलों के मेधावी छात्र सीधे शामिल होंगे, जबकि अन्य जिलों के विद्यार्थी और जनप्रतिनिधि वर्चुअली जुड़ेंगे।

योजना की शर्तें और पात्रता

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ केवल मध्यप्रदेश के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों के नियमित विद्यार्थियों को ही दिया जाता है। इसके लिए दो मुख्य शर्तें तय की गई हैं जिसमें पहली शर्त यह है की विद्यार्थी ने पहले प्रयास में कक्षा 12वीं में कम से कम 70 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। दूसरी शर्त यह है की विद्यार्थी ने अपने संबंधित शासकीय स्कूल में 12वीं कक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया हो।

अब तक 250 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है सरकार

राज्य में स्कूली शिक्षा को प्रोत्साहन देने और दूर-दराज़ से आने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में सहूलियत देने के उद्देश्य से यह योजना चलाई जा रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मध्यप्रदेश सरकार अब तक 23 हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को इस योजना के तहत स्कूटी प्रदान कर चुकी है। इस जन कल्याणकारी योजना पर सरकार अब तक लगभग 250 करोड़ रुपये का बजट खर्च कर चुकी है।

मेधावी छात्रों को लैपटॉप राशि का वितरण

ई-स्कूटी योजना के साथ-साथ मध्यप्रदेश सरकार राज्य के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मेधावी विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ भी चला रही है। इस योजना के अंतर्गत कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए ₹25,000 की वित्तीय सहायता दी जाती है। सरकार ने 1 सितंबर 2026 को राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से 1,21,804 से अधिक मेधावी छात्रों के बैंक खातों में 304 करोड़ रुपये से अधिक राशि दी थी । जिसमें प्रत्येक छात्र को ₹25,000 की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी। इस योजना से  विद्यार्थी ऑनलाइन कक्षाओं, ई-लाइब्रेरी, डिजिटल स्टडी मैटेरियल और अन्य शैक्षणिक प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहें है। यह राशि सीधे बैंक खाते में मिलने से विद्यार्थी अपनी जरूरत के अनुसार लैपटॉप खरीद सकें।