शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बुधवारि के दिन रीवा मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भीर एक बस सड़क किनारे खड़े माल वाहन में पीछे से जा घुसी। इसी सड़क हादसे में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। जिनमें स्कूली बच्चे शामिल हैं। 10 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
टीकही प्रतिक्षालय के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक प्राइवेट कंपनी की बस शहडोल से ब्यौहारी की तरफ आ रही थी। ब्यौहारी थाना क्षेत्र में टीकही यात्री प्रतिक्षालय के पास सड़क किनारे एक माल वाहन खड़ा था। बस चालक को यह वाहन समय पर दिखाई नहीं दिया और बस सीधे उसके पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू किया बचाव कार्य
सूचना मिलते ही ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव का काम शुरू कराया। बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। उन्हें निजी वाहनों, पुलिस की गाड़ियों और एंबुलेंस की मदद से तुरंत ब्यौहारी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कई स्कूली बच्चे भी हैं। इससे इलाके में हादसे की खबर फैलते ही लोगों में चिंता बढ़ गई।
घायलों में 10 की हालत नाजुक
ब्यौहारी अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, 10 घायलों की स्थिति गंभीर है। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें चिकित्सा महाविद्यालय भेजने की तैयारी की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर ब्यौहारी पुलिस के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।