मध्य प्रदेश के सिंगरौली में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। बरहपान गांव के जलहथनी टोला में रात का खाना खाने के बाद परिवार के लोग सो रहे थे, तभी अचानक कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। मलबे में दबने से पिता, उनकी मां और एक साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए.हादसा मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुआ। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर के अंदर से लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं। ग्रामीणों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश की।
JCB से हटाया गया मलबा, देर रात तक चला रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने JCB मशीन बुलवाई। इसकी मदद से मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू हुआ। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई.रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, तीन लोगों को बचाया नहीं जा सका। अरुण विश्वकर्मा, उनकी मां और मासूम बेटी की हादसे में मौत हो गई।
एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 30 वर्षीय अरुण विश्वकर्मा, उनकी 60 वर्षीय मां संतुलिया और एक साल की बेटी के रूप में हुई है। एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों की मौत से गांव में शोक का माहौल है.परिवार के चार अन्य सदस्य भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम के मुताबिक, प्रशासनिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य की निगरानी की। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला ट्रामा सेंटर भेजे गए हैं।फिलहाल मकान अचानक क्यों ढहा, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। अब जांच में मकान गिरने के कारणों का पता लगाया जाएगा।