प्रमोद शर्मा,हापुड़: जिस अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीन लोग घर से निकले थे, उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। मंगलवार दोपहर थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के ग्राम शाहपुर जट के पास NH-9 हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में गाजियाबाद के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हाईवे किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से बाइक जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अस्पताल पहुंचने के बाद दो अन्य की भी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार नंदग्राम, गाजियाबाद निवासी गोविंद (35), रवि (37) और ब्रजेश (45) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर गढ़ गंगा जा रहे थे। तीनों अपने मकान मालिक के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे। बताया गया कि शाहपुर जट के पास उनकी मोटरसाइकिल हाईवे किनारे खड़ी पिकअप से पीछे से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। थाना बाबूगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उपचार के लिए सीएचसी हापुड़ भेजा गया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद दोनों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
एक साथ तीन मौतों की खबर ने गाजियाबाद के नंदग्राम में कोहराम मचा दिया। जिस परिवार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए तीनों निकले थे, उसी दिन तीन परिवारों को अपने ही परिजनों की मौत का सदमा झेलना पड़ा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर NH-9 पर हाईवे किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।