सर्पदंश से महिला की मौत, गांव में शोक
अंकित पाण्डेय, अमेठी: जनपद के भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के दौलतपुर पूरे उमर गांव में बीती रात सर्पदंश से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 12 बजे महिला अपने घर में सो रही थी, तभी जहरीले सांप ने उसे काट लिया। परिजनों के अनुसार अचानक महिला के चीखने पर सभी जाग गए और देखा कि महिला को सांप ने काट लिया है। हालत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची भाले सुल्तान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में भी दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के बाद इलाके में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में साफ-सफाई और दवा छिड़काव की मांग की है।
छत पर फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
विवेक सिंह, पीपरपुर (अमेठी): पीपरपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में मंगलवार सुबह 23 वर्षीय विवाहिता का शव घर की छत पर कॉलम से साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की मां ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका की पहचान रोशनी के रूप में हुई है। वह बासूपुर, बसहूं गांव की रहने वाली थी। करीब एक साल पहले उसने हीरापुर निवासी राहुल कुमार से प्रेम विवाह किया था। राहुल सटरिंग का काम करता है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को परिवार कालिकन धाम में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। वहां से लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मंगलवार सुबह रोशनी का शव छत पर लटका मिलने की सूचना पर डायल-112 और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बाइक के पहिए में साड़ी फंसने से महिला की मौत
विवेक सिंह, अमेठी: चाचा की मौत की सूचना मिलने पर मायके जा रही 55 वर्षीय महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बाइक के पिछले पहिए में साड़ी फंसने से महिला सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मायके जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रामनाथपुर बड़ा मजरे महमूदपुर निवासी निर्मला देवी (55), पत्नी शिवसागर मिश्र, अपने चाचा की मृत्यु की सूचना मिलने पर मायके पूरे दुरई मजरे टीकरमाफी जा रही थीं। वह अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार थीं।
गुंगवाछ गांव के पास बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि जैसे ही बाइक गुंगवाछ गांव के पास पहुंची, अचानक निर्मला की साड़ी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलवाई और महिला को सीएचसी अमेठी पहुंचाया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।