राजेश जायसवाल,महराजगंज: नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा विमानन हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के खुम्बू पासाङल्हामु गांवपालिका-4 स्थित फेरिचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर हुई। हादसे में फिस्टेल एयर और एयर डायनेस्टी कंपनी के हेलीकॉप्टर शामिल थे। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए, जिससे यह दुर्घटना हुई।
इस हादसे में भारत के तमिलनाडु राज्य के चेन्नई निवासी 47 वर्षीय वसंतकुमार बालारामाडु की मौत हो गई। वहीं, भारतीय मूल के 49 वर्षीय न्यूजीलैंड नागरिक यात्री घायल हुए हैं। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे में एक नेपाली पायलट भी घायल हुआ है। इस प्रकार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, दुर्घटनाग्रस्त दोनों हेलीकॉप्टरों में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। माउंट एवरेस्ट क्षेत्र के बेहद संवेदनशील और दुर्गम हिमालयी इलाके में हुए इस हादसे ने हवाई सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।