UP NEWS: बहराइच में फर्जी दस्तावेज से बना हेड कांस्टेबल, ADG के आदेश पर केस दर्ज

Update: 2025-02-22 04:29 GMT

स्वदेश समाचार बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक हेड कांस्टेबल पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) गोरखपुर के आदेश पर पयागपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। आरोपी मुख्य आरक्षी रत्नेश पांडेय के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, RTI से हुआ खुलासा

इस मामले की शिकायत देवरिया जिले के लार खरदहा घनश्याम बभनौली पांडेय निवासी संजय पांडेय ने वर्ष 2023 में एडीजी जोन को दी थी। उनका आरोप है कि रत्नेश पांडेय ने फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर वर्ष 2006 में पुलिस विभाग में सिपाही के पद पर नियुक्ति पाई थी।

संजय पांडेय ने इस संबंध में बहराइच के एसपी से भी शिकायत की थी, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उल्टा, उन्हें गुमराह करने का प्रयास किया गया और आरोपी के बचाव में भ्रामक जानकारी दी गई। जब उन्होंने आरटीआई दायर की, तो खुलासा हुआ कि रत्नेश पांडेय ने हाईस्कूल की परीक्षा में पहली बार शामिल होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया था, जिससे संदेह गहरा गया।

ADG के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए ADG गोरखपुर ने इस मामले की जांच के आदेश दिए, जिसके बाद पयागपुर पुलिस ने आरोपी मुख्य आरक्षी के खिलाफ जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों का मुकदमा दर्ज किया।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानंद कुशवाहा ने बताया कि, "मुख्य आरक्षी के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।"

कानूनी कार्रवाई से बढ़ी हलचल

इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सवाल उठ रहे हैं कि यदि आरोपी 2006 से फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी कर रहा था, तो अब तक यह मामला सामने क्यों नहीं आया? क्या इस मामले में कोई और भी संलिप्त है? जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।


Tags:    

Similar News