देव तो बहुत हैं, पर मुश्किल है किसी का योगेश्वर हो पाना: 5,152वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में प्रभु श्रीकृष्ण की महिमा का बखान कर रहे हैं डॉ.अतुल मोहन सिंह

Update: 2024-08-28 06:34 GMT

कभी सूरदास ने एक स्वप्न देखा कि रुक्मणि और राधिका मिली हैं और एक दूजे पर न्यौछावर हुई जा रही हैं। सोचता हूं, कैसा होगा वह क्षण जब दोनों ठकुरानियां मिली होंगी। दोनों ने प्रेम किया था। एक ने बालक कन्हैया से, दूसरे ने राजनीतिज्ञ कृष्ण से। एक को अपनी मनमोहक बातों के जाल में फंसा लेने वाला कन्हैया मिला था और दूसरे को मिले थे सुदर्शन चक्रधारी, महायोद्धा श्रीकृष्ण। कृष्ण राधिका के बाल सखा थे, पर राधिका ने कृष्ण को तात्कालिक विश्व की महाशक्ति बनते नहीं देखा। राधिका को न महाभारत के कुचक्र जाल को सुलझाते चतुर कृष्ण मिले, न पौंड्रक-शिशुपाल का वध करते बाहुबली कृष्ण मिले।

रुक्मणि कृष्ण की पत्नी थीं, महारानी थीं, पर उन्होंने कृष्ण की वह लीला नहीं देखी जिसके लिए विश्व कृष्ण को स्मरण रखता है। उन्होंने न माखन चोर को देखा, न गौ-चरवाहे को। उनके हिस्से में न बांसुरी आयी, न माखन। कितनी अद्भुत लीला है, राधिका के लिए कृष्ण कन्हैया थे, रुक्मणी के लिए कन्हैया कृष्ण ही थे। पत्नी होने के बाद भी रुक्मणी को कृष्ण उतने नहीं मिले कि वे उन्हें 'तुम' कह पातीं। आप से तुम तक की इस यात्रा को पूरा कर लेना ही प्रेम का चरम पा लेना है। रुक्मणि कभी यह यात्रा पूरी नहीं कर सकीं। राधा ने चरमत्व को प्राप्त किया।

राधिका की यात्रा प्रारम्भ ही 'तुम' से हुई थीं। उन्होंने प्रारम्भ ही "चरम" से किया था। शायद तभी उन्हें कृष्ण नहीं मिले। कितना अजीब है न! कृष्ण जिसे नहीं मिले, युगों-युगों से आजतक उसी के हैं, और जिसे मिले उसे मिले ही नहीं। तभी कहता हूं, कृष्ण को पाने का प्रयास मत कीजिये। पाने का प्रयास करेंगे तो कभी नहीं मिलेंगे। बस प्रेम कर के छोड़ दीजिए, जीवन भर साथ निभाएंगे कृष्ण। कृष्ण इस सृष्टि के सबसे अच्छे मित्र हैं। राधिका हों या सुदामा, कृष्ण ने मित्रता निभाई तो ऐसी निभाई कि इतिहास बन गया। राधा और रुक्मणि जब मिली होंगी तो रुक्मणि राधा के वस्त्रों में माखन की गंध ढूंढती होंगी, और राधा ने रुक्मणी के आभूषणों में कृष्ण का वैभव तलाश किया होगा। कौन जाने मिला भी या नहीं। सब कुछ कहां मिलता है मनुष्य को। कुछ न कुछ तो छूटता ही रहता है। इस छूटने और मिलने में भी बड़ा आनंद है।

जितनी चीज़ें कृष्ण से छूटीं उतनी तो किसी से नहीं छूटीं। कृष्ण से उनकी मां छूटी, पिता छूटे, फिर जो नंद-यशोदा मिले वे भी छूटे। संगी-साथी छूटे। राधा छूटीं। गोकुल छूटा, फिर मथुरा छूटी। कृष्ण से जीवन भर कुछ न कुछ छूटता ही रहा। कृष्ण जीवन भर त्याग करते रहे। हमारी आज की पीढ़ी जो कुछ भी छूटने पर टूटने लगती है, उसे कृष्ण को गुरू बना लेना चाहिए। जो कृष्ण को समझ लेगा वह कभी अवसाद में नहीं जाएगा। कृष्ण आनंद के देवता हैं। कुछ छूटने पर भी कैसे खुश रहा जा सकता है, यह कृष्ण से अच्छा कोई सिखा ही नहीं सकता। महागुरु है मेरा कन्हैया। इस सृष्टि के सबसे प्यारे मनुष्य का जन्मदिन है न आज! खुश होइए, आज का दिन खुश होने के लिए ही है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन खुश रहना ही व्रत है। और हां माखन मिश्री ज़रूर खाना। जय श्री कृष्णा...।

Tags:    

Similar News