आज का मौसम: दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी, क्या अब बढ़ेगी ठिठुरन? जानिए देश भर के मौसम का हाल
आज 04 फरवरी की सुबह से दिल्ली में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी हो रही है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश होने की संभावना है।;
Weather Update: दिल्ली NCR सहित पूरे उत्तर भारत में मौसम बदल गया है। आज 04 फरवरी की सुबह से दिल्ली में बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी हो रही है। जिससे ठिठुरन भी बढ़ गई है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। आइए जानते हैं देश भर के मौसम का हाल...
दिल्ली NCR में बूंदाबादी
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली NCR में मंगलवार सुबह कोहरे की पतली परत दिखी। कुछ क्षेत्रों में बूंदाबादी भी हो रही है। आज का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तो अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इसके अलावा आगामी दो दिनों तक शीतलहर से ठिठुरन बढ़ सकती है। बारिश के साथ आंधी चलने की भी संभावना है।
यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां सुबह और रात कोहरा देखने को मिल रहा है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहता है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं, लखनऊ में आज 4 फरवरी और कल 5 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
राजस्थान में हो सकती है बारिश
राजस्थान में आज मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश होने की संभावना है। यहां के कई क्षेत्रों के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। यहां के अलावा यूपी बिहार में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में भी मौसम बदल रहा है।
यहां भी बारिश के आसार
पहाड़ी राज्य जैसे जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश के साथ बर्फबारी देखने को मिलेगी। पंजाब, हरियाणा, लक्षद्वीप में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां के कई क्षेत्रों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।