नेशनल गेम्स 2025: MP की बेटी ने किया स्वर्ण पर कब्जा, सीएम मोहन ने दी शुभकामनाएं

Update: 2025-02-04 09:13 GMT

सीएम मोहन ने दी शुभकामनाएं


38th National Games 2025: मध्य प्रदेश की डाइवर पलक शर्मा ने ‘मिशन गोल्ड’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य के लिए एक और स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने एक मीटर स्प्रिंग बोर्ड डाइविंग व्यक्तिगत महिला वर्ग में 165.20 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। उत्तराखंड में यह उनका तीसरा पदक रहा। राष्ट्रीय खेलों की पदक तालिका में मध्य प्रदेश 11 स्वर्ण, 5 रजत और 5 कांस्य सहित कुल 20 पदकों के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है।

इसके अलावा मध्यप्रदेश की बास्केटबॉल 3x3 पुरुष टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। रोइंग स्पर्धा में भी एमपी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया जहां उन्होंने 11 में से कई इवेंट जीतकर फाइनल में जगह बनाई।

भारत की पहली महिला गोताखोर और स्वर्ण पदक विजेता

इंदौर की पलक शर्मा ने कम उम्र में ही गोताखोरी की दुनिया में कदम रखा और अपने जुनून व मेहनत से खास पहचान बनाई। अपनी प्रतिभा के दम पर उन्होंने भारत की पहली महिला गोताखोर होने का गौरव हासिल किया। स्वर्ण पदक जीतने से पहले ही उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध कर दिया था। आज वे न सिर्फ मध्य प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बनी हुई हैं।

सीएम ने एक्स पर पलक शर्मा की जीत को सराहा

मध्य प्रदेश की बेटी पलक शर्मा को मुख्यमंत्री ने एक्स पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल 2025 में एक्वाटिक्स के स्प्रिंग बोर्ड डाइविंग इवेंट में पलक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रृंखला का तीसरा स्वर्ण पदक जीता। सीएम ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए कामना की कि पलक भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छुएं और देश व प्रदेश का नाम रोशन करती रहें।

फाइनल में चूकीं आशी, शानदार सफर पर विराम

शूटिंग में सोमवार का दिन मध्य प्रदेश के लिए निराशाजनक रहा। रविवार को क्वालीफाइंग राउंड में रिकॉर्ड अंकों के साथ फाइनल में पहुंचने वाली आशी चौकसे पदक जीतने से चूक गईं। शानदार प्रदर्शन के बावजूद उन्हें सातवें स्थान से संतोष करना पड़ा। प्रदेश को उनसे पदक की बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन फाइनल में उनका सफर यहीं थम गया।

Tags:    

Similar News