हरदोई: क्षेत्रीय अध्यक्ष बोले-बूथ पर एकमुश्त 50 सदस्य देने वालों को 'सक्रियता का बोनस', प्रह्लाद नगरी में 3.88 लाख का आंकड़ा पार, 'अवध' दूसरे पायदान पर

Update: 2024-10-15 16:27 GMT

हरदोई। भाजपा जिला मुख्यालय पर सक्रिय सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता और जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा के संचालन में हुई। मुख्य अतिथि अवध क्षेत्र अध्यक्ष कमलेश मिश्रा और सक्रिय सदस्यता अभियान पर्यवेक्षक एमएलसी मुकेश शर्मा ने सदस्यता अभियान से जुड़े पदाधिकारियों को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया, सक्रिय सदस्यता के लिए एक बूथ पर 50 सदस्य जोड़ना अपरिहार्य है, बाकी 50 कहीं से भी जोड़ सकते हैं। इसके लिए फोन लाइन 30 अक्टूबर तक खुली रहेंगी।

बैठक में क्षेत्रीय मंत्री संजय गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष आजाद भदौरिया, जिला उपाध्यक्ष सिद्ध प्रताप मौर्य, संदीप सिंह, कर्मवीर सिंह, जिला महामंत्री ओम वर्मा, सत्येंद्र राजपूत, जिला मंत्री नीतू चंद्रा, राजेश अग्निहोत्री, प्रचार मंत्री संदीप अवस्थी, कार्यालय मंत्री अतुल सिंह, मीडिया सह प्रभारी परेश गुप्ता, सत्यम शुक्ल, आईटी संयोजक सौरभ सिंह, एनजीओ संयोजक मुकुल सिंह, विधानसभा सोशल मीडिया प्रभारी अनुराग श्रीवास्तव और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।


क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा, कार्यकर्ता अथक परिश्रम कर घर घर संपर्क कर लोगों को पार्टी के विचारों से जोड़ रहे हैं। कहा, हरदोई में तीन लाख अट्ठासी हजार सदस्य पार्टी से जुड़ चुके हैं। कार्यकर्ताओं के पसीने का परिणाम है, अवध क्षेत्र सक्रिय सदस्यता अभियान की रैंकिंग में प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस अभियान में पार्टी छः वर्ष के लिए सदस्यता प्रदान कर रही है। कहा, सक्रिय कार्यक्रम भविष्य का नेतृत्व तैयार करने का है। इस अभियान से पार्टी को सभी वर्गों से जुड़ने का अवसर मिला है। लोकसभा में दो सदस्यों की पार्टी की यात्रा आज विश्व का सबसे विशाल राजनीतिक संगठन तक पहुंच गई है। सबसे बड़ी पार्टी बन कर पार्टी देश के प्रांतों में सर्व समावेशी सरकार बना रही है।

कमलेश मिश्रा ने कहा, हरियाणा चुनाव के नतीजों ने बाटो और राज करो की राजनीति करने वाले विपक्षी दलों की सीटी पिट्टी गुम कर दी। जनता कांग्रेस के कुशासन और भाजपा के अमृतकाल के बीच का फर्क जान चुकी है। उसे मालूम है कि खर्ची, पर्ची और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले दल अपना पेट भरने के लिए सत्ता में आना चाहते हैं। उन्हें गरीब, युवा, महिला किसान, जवान के उत्थान से सरोकार नहीं है। जो जानवरों के दाना और गरीबों की जमीन पर नजर रखता हो उसके विकास की परिभाषा कुछ और होती है।

एमएलसी मुकेश शर्मा ने कहा, पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनसेवा के कार्यों में आगे बढ़ती है। सभी वर्गों के जितने लोग जुड़ेंगे संगठन को शक्ति मिलेगी। भाजपा देश को विश्व की आर्थिक महाशक्ति बनाने को प्रयासरत है, जिसमें सभी वर्गों का सहयोग होगा मिल रहा है। वहीं, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ओछी राजनीति करते हुए देश को पीछे धकेलने की कोशिश में हैं। जिला प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कहा, भाजपा का लक्ष्य है, सभी वर्गों को सक्रिय सदस्य बना पार्टी से जोड़ा जाए, ताकि संगठन और मजबूत किया जा सके। मजबूत संगठन ही, आगामी चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अभियान में कार्यकर्ता सभी वर्गों से सदस्यों की भर्ती करें। जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा, भारत का अभिमान भाजपा ने पुनर्स्थापित किया है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश और प्रदेश सर्व समाज को साथ लेकर चलते हुए आर्थिक विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। 

Tags:    

Similar News