सीएम योगी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक: किसानों और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़े ऐलान…

Update: 2025-03-10 10:21 GMT

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार सुबह हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में किसानों, चिकित्सा सुविधाओं और विकास योजनाओं को लेकर अहम फैसले लिए गए।

प्रमुख फैसले:

गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ा:

रबी विपणन वर्ष 2025-26 के लिए गेहूं का समर्थन मूल्य बढ़ाकर ₹2425 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। किसानों से गेहूं की खरीद 17 मार्च से 15 जून 2025 तक होगी।

बलिया में मेडिकल कॉलेज:

बलिया जिले में 'चित्तू पांडेय' के नाम पर एक नया मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि का निःशुल्क हस्तांतरण किया गया है।

स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार:

- सैफई (इटावा) के आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में 300 बेड का ऑब्स एंड गायनी ब्लॉक (जिसमें 100 बेड का पीडियाट्रिक ब्लॉक शामिल होगा) बनाने को मंजूरी दी गई।

- बुलंदशहर में नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने के लिए राजकीय कृषि विद्यालय की भूमि चिकित्सा शिक्षा विभाग को सौंपी गई।

आगरा मेट्रो परियोजना को बढ़ावा:

आगरा मेट्रो के प्रथम और द्वितीय कॉरिडोर के लिए भूमि आवास एवं शहरी नियोजन विभाग को हस्तांतरित की गई।

स्टांप व्यवस्था में बदलाव:

₹10,000 से ₹25,000 के मूल्य वर्ग के भौतिक स्टांप पत्र अमान्य किए जाएंगे। इन्हें 31 मार्च 2025 तक ही मान्य रखा जाएगा।

पर्यटन विकास को बढ़ावा:

हरदोई के ग्राम दही में स्थित महर्षि दधीचि कुंड के आसपास पर्यटन विकास के लिए 0.850 हेक्टेयर भूमि पर्यटन विभाग को सौंपी गई।

इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग:

- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण प्रस्ताव पारित हुआ।

- गोरखपुर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एरिया के लिए प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

- डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लखनऊ नोड में 0.8 हेक्टेयर भूमि मुफ्त हस्तांतरित की गई।

शिक्षा के क्षेत्र में निर्णय:

शैक्षणिक सत्र 2020-21 में प्रकाशित एनसीईआरटी पुस्तकों के लिए ₹2.99 करोड़ की बकाया रॉयल्टी और जीएसटी भुगतान का प्रस्ताव पारित किया गया।

स्मार्ट सिटी योजना का विस्तार:

गोरखपुर, मथुरा, गाजियाबाद, अयोध्या, मेरठ और फिरोजाबाद में राज्य स्मार्ट सिटी योजना को दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है। 

Tags:    

Similar News