सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने और दर्शकों को हंसाने के लिए कॉमेडियन अक्सर अलग-अलग विषयों पर चुटकुले बनाते हैं। लेकिन जब मजाक किसी धार्मिक परंपरा या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने लगे, तो विवाद खड़ा होना तय है। ऐसा ही मामला स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी से जुड़ा है। छठ पूजा और बिहार की महिलाओं के सिंदूर को लेकर की गई उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी पर जमकर हंगामा हो रहा है। विवाद इतना बढ़ा कि पटना पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
कौन हैं कॉमेडियन यश माहेश्वरी?
यश माहेश्वरी एक स्टैंडअप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। वह मूल रूप से राजस्थान के जयपुर के रहने वाले हैं और दिल्ली-एनसीआर के कॉमेडी सर्किट में सक्रिय हैं। यूट्यूब पर उनका चैनल ‘Almost Yash’ नाम से है, जहां वह अपने स्टैंडअप शो के वीडियो साझा करते हैं।
उनका कॉमेडी कंटेंट मुख्य रूप से डार्क और एडल्ट ह्यूमर पर आधारित बताया जाता है। यूट्यूब के अलावा इंस्टाग्राम पर भी उनकी मौजूदगी रही है। हालांकि, विवाद के बीच उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सर्च करने पर उपलब्ध नहीं दिखाई दे रहा है। यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने खुद अकाउंट बंद किया है या किसी अन्य वजह से वह दिखाई नहीं दे रहा।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
विवाद की शुरुआत यश माहेश्वरी के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए ‘Morally Questionable’ नाम के स्टैंडअप वीडियो से हुई। इस वीडियो में उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की महिलाओं के नाक से मांग तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
उन्होंने महिलाओं के सिंदूर की तुलना अश्लील तरीके से की। इसके अलावा बिहार में महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार और हमलों को लेकर भी मजाक किया। वीडियो की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने नाराजगी जाहिर की। कई लोगों ने इसे बिहार की महिलाओं, छठ महापर्व और धार्मिक परंपराओं का अपमान बताया।
माफी के बाद भी नहीं थमा विवाद
विवाद बढ़ने और सोशल मीडिया पर आलोचना होने के बाद यश माहेश्वरी ने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी धर्म, त्योहार या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। हालांकि, उनकी माफी के बावजूद लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग लगातार उठती रही।
पटना में FIR दर्ज, साइबर थाना कर रहा जांच
मामले में पटना पुलिस ने यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों से सामाजिक माहौल खराब होने और लोगों के बीच तनाव फैलने की आशंका है। इसी को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया है।
फिलहाल पटना साइबर थाना पूरे मामले की जांच कर रहा है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अभद्र, आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
छठ की परंपरा और महिलाओं के सम्मान पर बहस
इस विवाद ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और उसकी मर्यादा को लेकर बहस छेड़ दी है। छठ बिहार और पूर्वांचल का प्रमुख लोक आस्था का महापर्व है। इसमें महिलाओं के सिंदूर और पारंपरिक रीति-रिवाजों का विशेष धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व है।
यश माहेश्वरी के खिलाफ दर्ज एफआईआर की जांच जारी है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं और इस मामले में कानूनी कार्रवाई किस दिशा में बढ़ती है।