भारत और बांग्लादेश के बीच हाल के दिनों में तनावपूर्ण रहे रिश्तों के बीच बांग्लादेश ने 1971 के मुक्ति संग्राम में भारत के योगदान और बलिदान की सराहना की है । नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग में 21 नवंबर को ‘बांग्लादेश सशस्त्र बल दिवस 2026’ मनाया गया, इस कार्यक्रम में 1971 का युद्ध लड़ चुके भारतीय सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिक भी शामिल हुए ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बांग्लादेश की कार्यवाहक उच्चायुक्त प्रीति रहमान ने मुक्ति संग्राम के दौरान भारत के लोगों और सैन्यकर्मियों के योगदान को गहरी कृतज्ञता के साथ याद किया उन्होंने कहा कि भारत का यह योगदान और बलिदान दोनों देशों के साझा इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी बने मुख्य अतिथि
कार्यक्रम में भारतीय सेना के सैन्य खुफिया महानिदेशक (DGMI) लेफ्टिनेंट जनरल यशपाल सिंह अहलावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए । विभिन्न देशों के राजनयिकों और भारत में तैनात रक्षा सलाहकारों के साथ 1971 के युद्ध में हिस्सा लेने वाले भारतीय सैनिक भी मौजूद थे। बांग्लादेश के कार्यवाहक रक्षा सलाहकार विंग कमांडर मुहम्मद नजमुल हक ने मुक्ति संग्राम के शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और युद्ध के पूर्व सैनिकों को श्रद्धांजलि दी । उन्होंने भारत और बांग्लादेश के बीच रक्षा सहयोग में हुई प्रगति का भी जिक्र किया।
प्रीति रहमान ने बांग्लादेश के सशस्त्र बलों की ईमानदारी, साहस और अनुशासन की विरासत को याद किया, उन्होंने शहीद राष्ट्रपति जियाउर रहमान के नेतृत्व और सेना की संस्थागत नींव मजबूत करने में उनके योगदान का उल्लेख किया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के कार्यकाल में शुरू की गई सैन्य आधुनिकीकरण की पहलों को भी याद किया।
1971 के युद्ध में भारत की निर्णायक भूमिका
बांग्लादेश हर साल 21 नवंबर को सशस्त्र बल दिवस मनाता है, यह दिन 1971 के मुक्ति संग्राम में सशस्त्र बलों के योगदान और बलिदान की याद में मनाया जाता है। 1971 में पूर्वी पाकिस्तान में पाकिस्तानी सेना के दमन और ऑपरेशन सर्चलाइट के बाद लाखों लोग भारत पहुंचे। भारत ने करीब एक करोड़ शरणार्थियों को आश्रय दिया । भारतीय सेना ने मुक्ति वाहिनी को प्रशिक्षण और सैन्य सहायता भी दी।
3 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान के भारतीय हवाई ठिकानों पर हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच पूर्ण युद्ध शुरू हुआ। भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना ने पूर्वी और पश्चिमी मोर्चों पर कार्रवाई की । 16 दिसंबर 1971 को ढाका में पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद बांग्लादेश एक स्वतंत्र देश बना।