पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए सरसंघचालक डॉ. भागवत, बोले-
स्वदेश समाचार यवतमाल: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने मंगलवार को कहा कि विकास के केंद्र में समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण होना चाहिए। विकास के उच्चतम एवं निम्नतम स्तरों के बीच का अंतर यथासंभव कम से कम होना चाहिए।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. भागवत ने कहा कि 'अंत्योदय' की अवधारणा का मूल अर्थ यह सुनिश्चित करना है कि समाज का अंतिम व्यक्ति भी अधिक से अधिक सुखी रहे। उन्होंने कहा कि देश सुखी हो, इसके लिए समाज के अंतिम व्यक्ति का सुखी होना आवश्यक है, इसी को अंत्योदय कहा जाता है। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ यह नहीं हो सकता कि हर कोई एक ही स्तर पर पहुंच जाए, लेकिन असमानता को न्यूनतम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह सकते हैं कि इतने बड़े समाज में सभी विकास के एक स्तर पर नहीं हो सकते। यह ठीक भी है, लेकिन विकास के निम्नतम और उच्चतम स्तरों के बीच अंतर यथासंभव कम से कम होना चाहिए।
प्रकृति की कीमत पर विकास नहीं
भागवत ने कहा कि प्रकृति की कीमत पर विकास नहीं होना चाहिए और विकास तथा पर्यावरण दोनों का संरक्षण होना चाहिए। कृषि और किसानों के कल्याण पर बात करते हुए भागवत ने जैविक खेती, मिश्रित खेती, पशुपालन और बीज एवं खाद के मामले में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की वकालत की। उन्होंने कहा कि लक्ष्य यह होना चाहिए कि किसान कर्ज के जाल में न फंसें और अधिक आत्मनिर्भर बनें।
पं. दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन का उल्लेख किया
पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दर्शन का उल्लेख करते हुए संघ प्रमुख ने कहा कि वह विकास की उस परिभाषा को स्वीकार नहीं करते थे, जिसमें 'अधिकतम लोगों का अधिकतम भला' स्वीकार किया जाता है। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि विकास ऐसा होना चाहिए, जिससे सभी का कल्याण हो। महात्मा गांधी के सिद्धांत को याद दिलाते हुए कहा कि कोई भी फैसला लेते समय समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति का ध्यान रखा जाना चाहिए।