26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले की बरसी पर भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है, भाजपा ने आरोप लगाया कि 26/11 के बाद तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा के बजाय वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी और पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की कोशिश की। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी और कांग्रेस से तीन सवालों के जवाब मांगे हैं।
भाजपा ने राहुल गांधी और कांग्रेस से पूछे तीन सवाल
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पूछा कि 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद यूपीए सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई क्यों नहीं की? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने मुंबई हमले में पाकिस्तान को क्लीन चिट देने की कोशिश की ।
भंडारी ने राहुल गांधी की उस समय की गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठाया और एक मीडिया रिपोर्ट साझा की, जिसमें कथित तौर पर हमले के कुछ दिनों बाद उनके पार्टी करने का जिक्र था। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गांधी-वाड्रा परिवार की वोट बैंक राजनीति के कारण कांग्रेस ने राष्ट्रीय सुरक्षा के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी।
26/11 हमले की बरसी पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में 166 लोगों की जान गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। इस हमले ने देश की सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद से निपटने की रणनीति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। हमले के दौरान सुरक्षा बलों के कई जवानों ने भी देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हमले के पीड़ितों और शहीद सुरक्षा कर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और बलिदान को याद करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के सभी रूपों को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है ।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी निर्दोष नागरिकों की मौत को याद करते हुए सुरक्षा कर्मियों को सलाम किया, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
26/11 हमले की जांच में पाकिस्तानी नेटवर्क की भूमिका
मुंबई हमलों की जांच में लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तान में मौजूद आतंकवादी नेटवर्क की भूमिका सामने आई थी । भारत ने लंबे समय से पाकिस्तान में हमले से जुड़े साजिशकर्ताओं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हमले के बाद गिरफ्तार किए गए आतंकी अजमल कसाब के बयान जांच एजेंसियों की पड़ताल और डेविड हेडली से जुड़े साक्ष्यों ने हमले की साजिश और पाकिस्तान में मौजूद नेटवर्क के बारे में जानकारी दी थी। हालांकि, कुछ सेना अधिकारियों की व्यक्तिगत पहचान और भूमिका को लेकर दावे सामने आए हैं।
