रोहतक। शहर में गैंगवार में चार युवकों की हत्या का मामला सामने आया है, खरावड़ गांव में मिलन होटल में हुई इस वारदात में मृतकों में तीन युवक बाबा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं . चौथे युवक का किसी गैंग से संबंध होने की जानकारी नहीं है ।
मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू (28), विनीत (22), यश उर्फ गंजू (22) और बेरी निवासी हिमांशु (26) के रूप में हुई है, सभी के शव रोहतक PGI के डेडहाउस में रखवाए गए ।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ गैंग के नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें वारदात की जिम्मेदारी लेने और दो पुरानी हत्याओं का बदला लेने का दावा किया गया। पुलिस ने रिंकू के चचेरे भाई मन्नु की शिकायत पर IMT थाना में मामला दर्ज किया है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें लगाई गई हैं।
दो पुरानी हत्याओं का बदला लेने का दावा
सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में रोहित उर्फ बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का बदला लेने की बात कही गई है पोस्ट में आगे भी बदले की धमकी दी गई है। पुलिस इस पोस्ट और वारदात के बीच संबंध की जांच कर रही है।
रोहतक के रिटौली गांव के रहने वाले सन्नी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच वर्ष 2019 से दुश्मनी की बात सामने आती रही है, इस गैंगवार में पिछले कई वर्षों में कई हत्याएं हो चुकी हैं।
रोहित बजरंग और सोनू डीघल की हत्या का मामला
रोहित उर्फ बजरंग रोहतक के रिटौली गांव का रहने वाला था, मार्च 2022 में बैंक मित्र के पास उसकी हत्या कर दी गई थी । इस हमले में बैंक मित्र के पिता राजेंद्र की भी गोली लगने से मौत हुई थी। इस दोहरे हत्याकांड में हिमांशु उर्फ भाऊ का नाम सामने आया था ।दूसरे मृतक साहिल अहलावत उर्फ सोनू डीघल फाइनेंस का काम करता था। अप्रैल 2026 में डीघल गांव स्थित उसके कार्यालय पर हुए हमले में उसकी मौत हो गई थी।
अमन उर्फ बंटी की भी तलाश
चार युवकों की हत्या के बाद सामने आई पोस्ट में अमन उर्फ बंटी डीघल का नाम भी है। उसे साहिल का करीबी दोस्त बताया जाता है। साहिल की हत्या के बाद जितेंद्र के मर्डर केस में भी अमन का नाम सामने आया था।