नई दिल्लीः दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में गुरुवार सुबह तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक ढह गई, हादसा चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली सितारा, शीश महल इलाके में हुआ। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत और बचाव के लिए दमकल विभाग और NDRF की टीमें मौके पर जुटी हैं।
अधिकारियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 9:50 बजे हुआ। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कम से कम छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और दूसरी राहत टीमें भी बचाव कार्य में लगी हैं ।
संकरी गली के कारण बचाव कार्य में परेशानी
हादसे वाली जगह तक पहुंचने का रास्ता काफी संकरा है। इससे राहत और बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। NDRF की टीम मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि मलबे में कुल कितने लोग दबे हैं।
AAP ने दिल्ली सरकार और MCD पर उठाए सवाल
इमारत गिरने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार और MCD पर सवाल उठाए हैं उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा जांच के आदेश दिए जाने के बावजूद ऐसे हादसे हो रहे हैं । भारद्वाज ने सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ इमारतों पर कार्रवाई होती है, जबकि दूसरी इमारतों को लेकर नियमों का पालन नहीं किया जाता।