आज की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए सेना में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा नई तकनीक के उपयोग की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से सैन्य सुधारों के लिए अनेक समितियाँ गठित की गईं। वर्ष 1985 में गठित बलराम समिति और कारगिल समीक्षा समिति के सुझावों से अग्निपथ योजना की पृष्ठभूमि तैयार हुई। यह योजना भारतीय सेना को अधिक सशक्त, युवा और आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 4 नवंबर 2026 को अग्निवीरों के लिए दो वर्ष की द्वितीय कार्यावधि शुरू करने की अनुमति दी। यह निर्णय सशस्त्र बलों की सिफारिशों और बदलती परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लिया गया है। पहली चार वर्षीय सेवा अवधि पूरी करने के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में स्थायी रूप से शामिल किया जाएगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत को दो वर्ष की द्वितीय कार्यावधि का अवसर मिलेगा। इसके बाद उन्हें नियमित सैनिक के रूप में नामांकन का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। द्वितीय कार्यावधि पूरी होने पर नियमित सेवा में शामिल नहीं होने वाले अग्निवीरों को सेवा निधि के रूप में 10.92 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसमें ब्याज को छोड़कर 70 प्रतिशत योगदान सरकार का होगा तथा यह राशि आयकर से मुक्त होगी। इस अवधि में पहले वर्ष 43,500 रुपये और दूसरे वर्ष 47,500 रुपये का निश्चित मासिक वेतन दिया जाएगा। अन्य सुविधाएँ एवं पात्रताएँ मौजूदा नीतियों के अनुरूप रहेंगी।
सशस्त्र बलों के आकलन के अनुसार, अग्निपथ योजना ने पिछले चार वर्षों में उत्साहजनक परिणाम दिए हैं। इसके माध्यम से देश के विभिन्न जिलों से युवाओं की भर्ती हुई है और सैन्य कैडर का कौशल एवं शैक्षणिक स्तर बेहतर हुआ है। सेना की कई शाखाओं में महिलाओं के लिए भी अवसरों के द्वार खुले हैं। अग्निवीरों को सैन्य मोर्चों के साथ-साथ आपदा राहत कार्यों में भी तैनात किया गया, जहाँ उन्होंने उच्च मनोबल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया। उन्होंने नई तकनीक और नवाचारों को सहजता से अपनाया है। आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति में ये गुण विशेष महत्व रखते हैं। इन्हीं अनुभवों के आधार पर किए गए संशोधनों का उद्देश्य सेना में योग्यता और क्षमता आधारित व्यवस्था को मजबूत करना है। दक्षता सिद्ध करने वाले अग्निवीरों के लिए स्थायी सेवा का मार्ग उपलब्ध होगा, जबकि अन्य अनुशासित, सैन्य प्रशिक्षित और कुशल नागरिक के रूप में समाज में लौटेंगे। वे राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति होने के साथ-साथ भविष्य में समाज के सुरक्षा प्रहरी भी सिद्ध होंगे।
यह निर्णय शासन के प्रति व्यावहारिक एवं क्रमिक सुधारवादी दृष्टिकोण को दर्शाता है, जो स्वस्थ लोकतंत्र का मूल आधार है। द्वितीय कार्यावधि की अवधारणा उन संस्थागत सुझावों का परिणाम है, जिनका आधार पिछले चार वर्षों में अग्निवीरों के प्रशिक्षण, सैन्य इकाइयों में उनकी भूमिका और युद्धक मोर्चों पर उनके प्रदर्शन का अनुभव रहा है। योजना के आरंभ से ही इसमें समय-समय पर समीक्षा और संशोधन की गुंजाइश रखी गई थी। वर्ष 2022 में इसके प्रारंभ होने के बाद राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व ने स्पष्ट किया था कि इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी। 4 नवंबर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि ने भी दोहराया कि यह योजना कोई पत्थर की लकीर नहीं है, बल्कि अनुभवों से सीखने और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने वाली नीतिगत व्यवस्था है।
मोदी सरकार का यह दृष्टिकोण केवल अग्निपथ योजना तक सीमित नहीं है। सरकार सुझावों को महत्व देकर अपनी योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए समय-समय पर निर्णायक कदम उठाती रही है। उदाहरण के लिए, 29 श्रम कानूनों को समाहित कर चार श्रम संहिताएँ बनाई गईं। इसी प्रकार, 400 से अधिक वस्तुओं पर जीएसटी दरों का युक्तिसंगतकरण किया गया तथा अनेक क्षेत्रों में अपराधमुक्तिकरण से जुड़े सुधार लागू किए गए। ये पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यावहारिक शासन दृष्टिकोण को दर्शाती हैं, जिसमें निरंतर परामर्श, संवेदनशील नीतिनिर्माण और संस्थागत स्वीकार्यता को महत्व दिया गया है। उनका जोर सुधारों में संविधान में निहित सहकारी संघवाद की भावना को केंद्र में रखने पर भी रहा है।
अग्निपथ योजना को अलग-थलग करके नहीं देखा जाना चाहिए। यह भारतीय सशस्त्र बलों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने वाले व्यापक रक्षा सुधारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ये सुधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के JAI—Jointness (संयुक्तता), Aatmanirbharta (आत्मनिर्भरता) और Innovation (नवाचार) के दृष्टिकोण पर आधारित हैं। वर्ष 2014 से रक्षा क्षेत्र में परिवर्तनकारी सुधारों की नीति चार प्रमुख स्तंभों पर केंद्रित रही है—सैन्य उपकरणों, हथियारों और रक्षा अवसंरचना का आधुनिकीकरण; सैन्य संगठनों का पुनर्गठन; उभरती प्रौद्योगिकी और स्वदेशी नवाचार को प्रोत्साहन तथा युवा, गतिशील एवं अनुशासित सैन्य बल का निर्माण।
भारत का रक्षा बजट वर्ष 2013-14 के 2.53 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2026-27 में 7.85 लाख करोड़ रुपये हो गया है। आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण से प्रेरित स्वदेशी रक्षा उत्पादन 2014-15 के 46,429 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 1.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। इसी प्रकार, रक्षा निर्यात 686 करोड़ रुपये से बढ़कर 38,424 करोड़ रुपये हो गया है और भारतीय रक्षा उत्पाद अब विश्व के 100 देशों तक पहुँच रहे हैं। रक्षा क्षेत्र की संस्थागत एवं औद्योगिक कार्यप्रणाली में भी बुनियादी परिवर्तन आया है। भारत की बढ़ती रक्षा साझेदारी और व्यापक रक्षा कूटनीति ने वैश्विक रक्षा परिदृश्य में उसकी स्थिति मजबूत की है। इन सुधारों का उद्देश्य केवल सैन्य क्षमता बढ़ाना नहीं, बल्कि तकनीकी रूप से उन्नत, आत्मनिर्भर और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रक्षा तंत्र विकसित करना है। अग्निपथ योजना इसी व्यापक दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण घटक है।
राष्ट्रीय सुरक्षा एक गतिशील अवधारणा है। इसलिए सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने वाले सुधार केवल परंपरागत व्यवस्थाओं के अनुकरण पर आधारित नहीं हो सकते। उन्हें समकालीन युद्ध परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने में सक्षम होना चाहिए। युद्ध के मैदान में सफलता उसी पक्ष को मिलती है, जो उभरती चुनौतियों को पहचानकर तेजी से उनके अनुरूप तैयारी करता है। आधुनिक युद्ध की प्रमुख विशेषताओं में 'संपर्क-विहीन युद्ध' (Contactless Warfare) का बढ़ता प्रभाव शामिल है। ऐसे में सेना का अधिक सक्रिय, लचीला और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी को तेजी से अपनाने में सक्षम होना आवश्यक है।
युद्ध के मैदान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता उपयोग पारंपरिक युद्ध पद्धतियों और सैन्य रणनीतियों में व्यापक बदलाव ला रहा है। OECD की Digital Economy and Society Outlook, 2026 के अनुसार, 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के 68 प्रतिशत लोग जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर रहे हैं। यह आँकड़ा युवा पीढ़ी की तकनीकी दक्षता और नई प्रौद्योगिकी को अपनाने की क्षमता दर्शाता है। युवाओं की यही अभिरुचि और अनुकूलन क्षमता तकनीकी रूप से सक्षम सैन्य कार्यबल के निर्माण की आवश्यकता को मजबूत करती है। इसलिए सेना में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना केवल संगठनात्मक प्राथमिकता नहीं, बल्कि युद्धक तत्परता और भविष्य की सामरिक चुनौतियों से निपटने की आवश्यकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय सेनाओं की बदलती आवश्यकताओं को समझते हुए शासन में व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हैं। उनकी सुधारवादी विचारधारा की विशेषता यह है कि वे स्थापित संस्थाओं और व्यवस्थाओं को बाधित किए बिना उनमें सार्थक परिवर्तन लाने में विश्वास रखते हैं। उनके लिए राजनीतिक सत्ता चुनावी लाभ का साधन मात्र नहीं, बल्कि जनता द्वारा सौंपा गया दायित्व है। उनका शासन दृष्टिकोण अल्पकालिक राजनीतिक हितों के बजाय दीर्घकालिक राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देता है। अग्निपथ योजना की समीक्षा और उसमें आवश्यक संशोधन इसी दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करते हैं।
नीतियों को कठोर एवं अपरिवर्तनीय सिद्धांत मानने के बजाय उनके क्रियान्वयन से मिले अनुभवों के आधार पर सुधार करना एक क्रमिक और विकासवादी शासन मॉडल की पहचान है। इसमें संस्थागत निरंतरता के साथ बदलती परिस्थितियों के अनुरूप अनुकूलन और नवाचार को भी महत्व दिया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी की नीतिनिर्माण प्रक्रिया की वास्तविक विशेषता नीतियों के मूल स्वरूप की कठोरता में नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप उन्हें विकसित करने की क्षमता में निहित है। अग्निपथ योजना एवं उसमें किए गए सुधारों को इसी व्यापक दृष्टिकोण से देखने की आवश्यकता है।

शिवप्रकाश
(लेखक भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री हैं।)