हरियाणा के गुरुग्राम में झुग्गियों में रहने वाले बच्चों को पढ़ाने के नाम पर कथित कन्वर्जन कराने के मामले में पुलिस ने मुख्य संदिग्ध को दिल्ली से गिरफ्तार किया है । आरोपी पर आरोप है कि वह एनजीओ के जरिए गुरुग्राम, दिल्ली और NCR के दूसरे इलाकों में ऐसी गतिविधियां चला रहा था, पुलिस के मुताबिक उसका संगठन पिछले करीब 10 वर्षों से सक्रिय था ।
गुरुग्राम पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तारी की जानकारी दी । सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल के अनुसार आरोपी को मंगलवार को उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके से पकड़ा गया, उसे अदालत में पेश करने के बाद पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है ।
चार महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद सामने आया नाम
यह मामला गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित घाटा गांव की झुग्गियों में चल रही एक पाठशाला से जुड़ा है शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कुछ महिलाएं बच्चों को पढ़ाने के बहाने भोजन, अनाज और दूसरी जरूरी चीजें देती थीं और उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रभावित करने की कोशिश कर रही थीं,
शिकायत के आधार पर 14 नवंबर को सेक्टर-56 थाने में हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ अनलॉफुल कन्वर्जन ऑफ रिलिजन एक्ट, 2022 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई थी । पुलिस ने उसी दिन दिल्ली, मणिपुर, मिजोरम और नेपाल से जुड़ी चार महिलाओं को गिरफ्तार किया था। इनमें निजी कंपनियों में काम करने वाली महिलाएं भी शामिल थीं ।
NGO की फंडिंग औरअमेरिकी नागरिक पत्नी की भूमिका की जांच
पुलिस के अनुसार, मुख्य संदिग्ध मूल रूप से मणिपुर का रहने वाला है। वह झुग्गी में पाठशाला चलाने वाली महिलाओं को आर्थिक और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराता था। उसका एनजीओ गुरुग्राम, दिल्ली और NCR के दूसरे हिस्सों में भी सक्रिय बताया गया है ।
पुलिस ने उसकी अमेरिकी नागरिक पत्नी की भूमिका की भी जांच शुरू की है । अधिकारियों के मुताबिक, यह पता लगाया जा रहा है कि कथित गतिविधियों में उसकी क्या भूमिका थी और एनजीओ को आर्थिक मदद कहां से मिल रही थी ।
जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि अब तक कितने बच्चों या अन्य लोगों को कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित करने की कोशिश हुई और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है ।