अरुणेश झा,यमुनानगर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर यमुनानगर के कपालमोचन में सोमवार देर शाम राज्य स्तरीय समारोह हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साध-संगत को बधाई दी और कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं किसी एक धर्म, समाज या समय तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने सत्य, सेवा, समानता और सद्भाव का संदेश दिया।
समारोह में ड्रोन और लाइट एंड साउंड शो के जरिए हरियाणा की विरासत आसमान में उकेरी गई। इसमें गुरु नानक देव जी का संदेश, गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिन का प्रवास और बाबा बंदा सिंह बहादुर का शौर्य दिखाया गया। सैनी ने मेला श्री कपाल मोचन-आदिबद्री परिसर की 32 धर्मशालाओं के विकास के लिए श्राईन बोर्ड को 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

गुरु नानक देव जी ने दिया समानता और मानवता का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'एक ओंकार' के जरिए गुरु नानक देव जी ने पूरी मानव जाति को एक परिवार की तरह देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने गुरबाणी की पंक्तियां भी दोहराईं, 'अवल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत के सब बंदे। एक नूर ते सब जग उपजिया, कौन भले कौन मंदे।'
सैनी के मुताबिक नाम जपो, किरत करो और वंड छको के तीन सिद्धांत हमें जिम्मेदार नागरिक बनने की राह भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि इन्हें घर, कार्यस्थल और समाज में अपनाया जाए तो कई सामाजिक समस्याएं अपने आप सुलझ सकती हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख गुरुओं की स्मृति को मिला राष्ट्रीय सम्मान
सैनी ने कहा कि केंद्र की पीएम मोदी सरकार ने सिख गुरुओं की स्मृति को देशभर में सम्मान दिया है। उन्होंने 2019 में गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के आयोजन, सुल्तानपुर लोधी को विरासत शहर बनाने और डेरा बाबा नानक से श्री करतारपुर साहिब गलियारे के विकास का जिक्र किया। गलियारे के लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। उन्होंने जामनगर में गुरु गोबिंद सिंह जी की स्मृति में 750 बिस्तरों वाले अस्पताल के उद्घाटन और श्री अमृतसर साहिब से श्री नांदेड़ साहिब तक विशेष उड़ान की भी चर्चा की। साथ ही 26 दिसंबर को हर साल वीर बाल दिवस मनाने के फैसले का उल्लेख किया।
हरियाणा में सिख गुरुओं की स्मृति में किए जा रहे अनेक कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 नवंबर 2025 को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाश में विशाल समागम हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हुए। यमुनानगर के कलेसर में गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वन बनाने का फैसला हुआ और किशनपुरा में उनके नाम पर कृषि महाविद्यालय खोलने की घोषणा हुई। यमुनानगर में बन रहे मेडिकल कॉलेज का नाम भी उन्हीं के नाम पर रखा गया है। सैनी ने कहा कि 1984 के दंगों में परिजन खोने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। 24 दिसंबर 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला में नियुक्ति पत्र सौंपे। दिसंबर 2022 में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति भी बनी।
तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सरकार ने उठाए कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि 'स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना' के तहत हजूर साहिब, ननकाना साहिब, हेमकुंड साहिब और पटना साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को आर्थिक मदद दी जा रही है। पंचकूला के नाडा साहिब गुरुद्वारे में 13.55 करोड़ रुपये की लागत से 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग बनी है। सिरसा के गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को 70 कनाल जमीन नि:शुल्क देने का फैसला हुआ है। इसके अलावा नांदेड़ के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाई गईं, पहली 5 मई 2026 को कुरुक्षेत्र से और दूसरी 15 मई को सिरसा से।
लौहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क
सैनी ने कहा कि कपालमोचन से कुछ दूरी पर स्थित लौहगढ़ को बाबा बंदा सिंह बहादुर ने सिख राज्य की राजधानी बनाया था। यहां 244.51 करोड़ रुपये की लागत से स्मारक एवं थीम पार्क बन रहा है। कुरुक्षेत्र के उमरी में छठी पातशाही गुरुद्वारे के पास प्रदेश का पहला सिख संग्रहालय भी तैयार हो रहा है। समारोह में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, साढौरा विधायक रेणु बाला और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा सहित कई नेता व बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।